Logo
रविवार सुबह साढ़े पांच बजे बदायूं हाईवे पर बरातियों की बस और रोडवेज बस की आमने-सामने की टक्कर हुई। हादसे में तीन बरातियों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

बदायूं: बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। उझानी क्षेत्र में बांके बिहारी लॉ कॉलेज के सामने बरातियों से भरी एक निजी बस और रोडवेज बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बरातियों की बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बरातियों की मौत हो गई है, जबकि रोडवेज बस के चालक समेत 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

​शादी की खुशियां मातम में बदलीं

​यह बरात कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला भम्मन से शाहजहाँपुर के गांव पटना बारेकला गई थी। शनिवार को विवाह संपन्न होने के बाद रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बराती बस से वापस लौट रहे थे।

जैसे ही बस बरेली-मथुरा हाईवे पर बांके बिहारी लॉ कॉलेज के सामने पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। एक झटके में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

​धमाके के साथ टक्कर और मची चीख-पुकार

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि उसका धमाका दूर तक सुनाई दिया। हादसे के बाद बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही उझानी और सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहाँ चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

​मृतकों और घायलों की पहचान

​हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान किशन, सोनू और योगेश के रूप में हुई है, जो दूल्हे प्रेमपाल के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। वहीं, घायलों में सुरेश बाबू, सत्यवीर, मुरारीलाल, अभिषेक, जीतू, मुन्नालाल, वासू, नक्षत्रपाल, राम सुशील और रोडवेज बस चालक प्रेमपाल शामिल हैं। घायलों में से कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

5379487