आगरा की अनीशा कुशवाहा ने विदाई के तुरंत बाद शादी के जोड़े में ही आंगनबाड़ी वर्कर पद के लिए इंटरव्यू दिया। इस घटना ने सोशल मीडिया और शहर में खूब सुर्खियां बटोरी हैं।

आगरा: ताजनगरी आगरा में एक विवाह समारोह के दौरान मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहा एक नवविवाहित दुल्हन शादी के जोड़े में विदाई के तुरंत बाद ससुराल जाने के बजाय सीधे सरकारी नौकरी का इंटरव्यू देने विकास भवन पहुँची।

दूल्हे ने अपनी पत्नी की भावनाओं और सपनों का सम्मान करते हुए खुद उसे केंद्र तक पहुंचाया और विदाई की रस्म के तुरंत बाद अपनी पत्नी के करियर को प्राथमिकता दी।

​साइबर कैफे में शुरू हुई थी मनोज और अनीशा की प्रेम कहानी

​लाडूखेड़ा ब्लॉक मुख्यालय के रहने वाले मनोज कुशवाहा अपना एक साइबर कैफे चलाते हैं। करीब 3 महीने पहले पास के ही गाँव की रहने वाली अनीशा कुशवाहा किसी काम से उनके कैफे पर आई थीं। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे पसंद में बदल गई। दोनों ने अपने परिजनों से बात की, जिसके बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से 21 फरवरी को उनका विवाह संपन्न हुआ।

​शादी से एक दिन पहले आया इंटरव्यू का बुलावा

​अनीशा ने शादी तय होने से काफी पहले बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी वर्कर की पोस्ट के लिए आवेदन किया था। संयोगवश, उनकी शादी के ठीक एक दिन पहले उन्हें पता चला कि रविवार को ही उनका इंटरव्यू है।

अनीशा ने घबराहट में मनोज को बताया कि वह इंटरव्यू देना चाहती है, लेकिन विदाई के तुरंत बाद शहर पहुँचना मुश्किल होगा। इस पर मनोज ने उसे ढांढस बंधाया और कहा कि वह कोई न कोई रास्ता जरूर निकालेगा।

​फेरों के बाद मंडप से सीधे विकास भवन की ओर विदाई

​मनोज ने अपने और अनीशा के घर वालों को पूरी बात समझाई और सभी इंटरव्यू के लिए राजी हो गए। शादी की रस्में जल्दी पूरी कराई गईं और विदाई के बाद मनोज अनीशा को घर ले जाने के बजाय सीधे आगरा जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन ले गया। अनीशा ने शादी के भारी-भरकम जोड़े और गहनों में ही अधिकारियों के सामने अपना इंटरव्यू दिया।

​पत्नी के पैरों पर खड़े होने की जिद और परिवार का साथ

​इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद मनोज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं चाहता हूँ कि मेरी पत्नी अपने पैरों पर खड़ी हो। उसने जो सपने देखे हैं, उन्हें पूरा करने में मैं उसकी हर संभव मदद करूँगा"। इस फैसले में दोनों परिवारों ने भी खुशी-खुशी साथ दिया। इंटरव्यू खत्म होने के बाद ही दुल्हन अपने पति के साथ विकास भवन से ससुराल के लिए विदा हुई।