सीएम योगी ने लिखा 25 लाख युवाओं को नई तकनीक में प्रशिक्षण और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से युवाओं के कौशल और खेल प्रतिभा को नई ऊंचाई मिलेगी।

लखनऊ : ​उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्त वर्ष 2026-27 के बजट के उपलक्ष्य में प्रदेशवासियों के नाम 'योगी की पाती' लिखी है। इस पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री ने बजट को 'नवाचार का ऐतिहासिक बजट' करार देते हुए इसे जनता की नई आकांक्षाओं की पूर्ति का माध्यम बताया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले 9 वर्षों की नवनिर्माण यात्रा अब 1 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

​एआई और टेक्नोलॉजी: यूपी बनेगा वैश्विक केंद्र

​मुख्यमंत्री ने अपनी 'पाती' में भविष्य की तकनीक पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि उत्तर प्रदेश को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनाने के लिए बजट में विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत प्रदेश में AI मिशन, AI डेटा लैब और डेटा सेंटर क्लस्टर स्थापित किए जाएंगे।

इन नवाचारों को सुव्यवस्थित करने के लिए 'स्टेट डेटा अथॉरिटी' के गठन का भी निर्णय लिया गया है, जो 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य में मील का पत्थर साबित होगा।

​'टेक युवा-समर्थ युवा': 25 लाख युवाओं को ट्रेनिंग

​युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री ने 'टेक युवा-समर्थ युवा' योजना का रोडमैप पेश किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं को नई और उन्नत टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षित किया जाएगा।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार न केवल युवाओं को सपने देखने का साहस दे रही है, बल्कि उन सपनों को साकार करने के लिए जरूरी संसाधन और प्रशिक्षण भी उपलब्ध करा रही है।

​खेल प्रतिभाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज और ओलंपिक का सपना

​खेल जगत में उत्तर प्रदेश की धाक जमाने के लिए बजट में मंडल मुख्यालयों पर ध्यान केंद्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हर मंडल मुख्यालय में स्पोर्ट्स कॉलेज खोले जाएंगे। इन कॉलेजों का मुख्य उद्देश्य कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए स्थानीय प्रतिभाओं को तराशना और उन्हें विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।

​MSME, ODOP और स्टार्टअप से रोजगार के नए अवसर

​मुख्यमंत्री ने 'पाती' में जिक्र किया कि उत्तर प्रदेश आज निवेश का पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है। एमएसएमई (MSME), एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP) और स्टार्टअप को दिए जा रहे निरंतर प्रोत्साहन ने प्रदेश को एक बड़े 'रोजगार सृजक' के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह बजट न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेगा, बल्कि प्रदेश के हर नागरिक के जीवन में समृद्धि लाएगा।