लखनऊ: भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम योगी की बड़ी बैठक, आगामी रणनीति पर मंथन

सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका भी साझा किया।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक बुलाई गई।

इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शिरकत की। पंकज चौधरी के उत्तर प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संगठन की यह पहली बड़ी और औपचारिक बैठक है, जिसमें राष्ट्रीय नेतृत्व ने सीधे तौर पर मार्गदर्शन दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रोडमैप तैयार करना है।
पंकज चौधरी के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बड़ी बैठक
हाल ही में केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है। उनके कार्यभार संभालने के बाद प्रदेश कार्यालय में यह पहली बड़ी सांगठनिक बैठक है।

इस दौरान जेपी नड्डा ने नए प्रदेश अध्यक्ष और उनकी टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगामी सांगठनिक कार्यों की रूपरेखा साझा की। बैठक में पंकज चौधरी का स्वागत भी किया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
सीएम योगी और जेपी नड्डा के बीच अहम चर्चा
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जेपी नड्डा और सीएम योगी के बीच सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा हुई।

इसमें सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का खाका भी साझा किया।
आगामी चुनावों और सांगठनिक विस्तार पर फोकस
बैठक के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्पष्ट संदेश दिया कि कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी मोड में रहना होगा। संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान की समीक्षा और आगामी नगर निकाय व अन्य चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तार से बातचीत हुई।
पार्टी के शीर्ष नेताओं ने निर्देश दिए कि मंडल और सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी
प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस मंथन में केवल मुख्य चेहरा ही नहीं, बल्कि भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी और संगठन मंत्री भी शामिल हुए। बैठक में गुटबाजी से दूर रहकर एकजुटता के साथ काम करने और विपक्षी दलों की रणनीतियों का काट खोजने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और कार्यालय के आसपास कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला।
