लखनऊ में भारी बवाल: बिजली चोरी पकड़ने गए दस्ते पर हमला, लोगों ने बंधक बाकर पीटा, जेई सहित कई कर्मचारी घायल

Electricity Workers Attack Lucknow
Electricity Workers Attack in Lucknow : उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बिजली चोरी पकड़ने गए दस्ते पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। ठाकुरगंज थानाक्षेत्र की जाफरिया कॉलोनी में शनिवार (17 मई) कर्मचारियों को बंधक बनाकर पीटा गया है। जेई सहित कई कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं हैं।
हमले के दौरान दस्ते में शामिल कुछ कर्मचारी जान बचाकर भागे और अधिकारियों को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बंधक बनाए गए कर्मचारियों को छुड़ाया। अवर अभियंता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सपा पार्षद के नेतृत्व में ठाकुरगंज थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने महिलाओं से अभद्रता की है। इस दौरान थाने के पास घंटेभर अफरी-तफरी का माहौल रहा।
4-5 घरों में पकड़ी थी बिजली चोरी
गऊघाट उपकेंद्र के एसडीओ रामू गुप्ता और जेई दुर्गेश चंद ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर 3:15 बजे संविदाकर्मी सुधीर गुप्ता, नाजिस अली, राजकिशोर के साथ जांच जाफरिया कॉलोनी में कर रहे थे। इस दौरान चार-पांच घरों में बिजली चोरी मिली। लोग हंगामा करने लगे और पार्षद गुलशन अब्बास को बुला लिया। उनके करीब 20 समर्थक भी पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इनके खिलाफ FIR
ठाकुरगंज के इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि अवर अभियंता दुर्गेश चंद्र की तहरीर पर डब्बा, कुमैल, शबाब आलम सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तफ्तीश और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महिला से अभद्रता का आरोप
थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली कर्मचारियों पर महिला से अभद्रता का आरोप लगाया है। बताया कि शिया कब्रिस्तान के पास आठ-दस कर्मचारी घर में घुस गए। वहां मौजूद अकेली महिला से अभद्रता करने लगे। महिला ने पति को फोन कर घर बुलाया। पार्षद ने धन उगाही का भी आरोप लगाया है।