IndiGo Flight Bomb Threat: इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी से हड़कंप, वाराणसी एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

IndiGo की हैदराबाद से वाराणसी आ रही फ्लाइट में बम की धमकी के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
IndiGo Flight Bomb Threat: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में उस समय अफरातफरी मच गई, जब इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा को देखते हुए विमान की बाबतपुर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान के रनवे पर उतरने से पहले ही सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आईं।
बाथरूम में मिला धमकी भरा नोट
जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में किसी यात्री ने शरारत के इरादे से विमान के बाथरूम में एक कागज छोड़ा था, जिस पर बम से उड़ाने की धमकी लिखी हुई थी। जब दूसरे यात्री की नजर उस नोट पर पड़ी, तो उसने तुरंत इसकी जानकारी केबिन क्रू को दी।
रनवे पर पहले से तैनात थी सुरक्षा टीम
धमकी की सूचना मिलते ही फ्लाइट स्टाफ ने बाबतपुर एयरपोर्ट प्रशासन को अलर्ट किया। विमान के लैंड करने से पहले ही रनवे पर सीआईएसएफ और सुरक्षा बल तैनात हो गए। जैसे ही विमान सुरक्षित उतरा, उसे चारों ओर से घेर लिया गया और यात्रियों को नियंत्रित तरीके से बाहर निकाला गया।
सघन तलाशी में नहीं मिला कोई विस्फोटक
सुरक्षा एजेंसियों ने विमान, यात्रियों के सामान और केबिन की गहन जांच की। कई घंटे तक चली तलाशी के बाद किसी भी तरह का संदिग्ध या विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने इसे शरारती हरकत करार दिया।
एक दिन पहले भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
गौरतलब है कि वाराणसी एयरपोर्ट पर एक दिन पहले भी आपात स्थिति देखने को मिली थी। दिल्ली से बागडोगारा जा रही अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट को एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के कारण इमरजेंसी में उतारा गया था। यात्री को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद फ्लाइट को आगे के लिए रवाना किया गया।
