काम की खबर: यूपी के 59 और जिलों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र; मिलेगा व्यापक लाभ

इन केंद्रों से दूर-दराज के जो लोग पहले आधार सेवाओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर थे उनको लाभ मिलेगा।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। अब राज्य के 59 और जिलों में विशिष्ट आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे। वर्तमान में यह सुविधा सिर्फ 12 जनपदों तक ही सीमित है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने राज्य में आधार सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए यह बड़ा निर्णय लिया है। इस विस्तार से प्रदेश के लाखों नागरिकों को आधार नामांकन, अपडेट और सुधार संबंधी कार्यों के लिए लंबी कतारों और दूर-दराज के सेंटरों पर जाने से राहत मिलेगी।
आधार सेवा केंद्रों का व्यापक विस्तार
अभी तक, उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में से केवल 12 जिलों में ही UIDAI द्वारा संचालित विशिष्ट आधार सेवा केंद्र मौजूद थे, जिनमें लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, और बरेली शामिल हैं।
इस व्यवस्था के चलते बाकी 63 जिलों के निवासियों को आधार संबंधी कार्यों के लिए सीमित बैंक, पोस्ट ऑफिस या सरकारी कैंप केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब, 59 अतिरिक्त जिलों में नए सेवा केंद्र खुलने से कुल 71 जिलों में यह उन्नत सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
शेष 4 जिलों में भी जल्द ही केंद्र खोलने की योजना है। इन केंद्रों में नागरिकों को आधार से जुड़ी सभी सेवाओं के लिए अत्याधुनिक और वातानुकूलित सुविधाएँ मिलेंगी।
किन जनपदों को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
इस नए विस्तार से वे जिले सबसे अधिक लाभान्वित होंगे जहा अभी तक कोई विशिष्ट UIDAI आधार सेवा केंद्र मौजूद नहीं था। इन जिलों में बलिया, आजमगढ़, बस्ती, फैजाबाद, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, प्रतापगढ़, जौनपुर, देवरिया, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हाथरस, मथुरा, संभल, बिजनौर, अमरोहा, और मुजफ्फरनगर जैसे महत्वपूर्ण जिले शामिल हैं।
इन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के नागरिकों को लाभ होगा, जो पहले आधार सेवाओं के लिए जिला मुख्यालयों या बड़े शहरों पर निर्भर थे।
सेवा केंद्र में कौन-कौन सी सुविधाए उपलब्ध होंगी
नए आधार सेवा केंद्र एक ही छत के नीचे आधार से संबंधित सभी सेवाए प्रदान करेंगे, जो सामान्य नामांकन केंद्रों से अधिक तेज़ और विश्वसनीय होंगी। यहा नागरिकों को नए आधार कार्ड के लिए नामांकन, बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर/ईमेल आईडी में सुधार/अपडेट जैसी सुविधाए उपलब्ध होंगी।
इन केंद्रों पर काम की गति और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए UIDAI द्वारा विशिष्ट मानकों का पालन किया जाता है। केंद्र सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुले रहेंगे और इसमें ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा।
