राम नगरी में नया कीर्तिमान: राम नगरी में ड्रोन शो, वर्ल्ड रिकॉर्ड और 6 दिन की दिवाली; 70 एकड़ राम मंदिर परिसर में दीपोत्सव की अभूतपूर्व तैयारी

राम नगरी में ड्रोन शो, वर्ल्ड रिकॉर्ड और 6 दिन की दिवाली; 70 एकड़ राम मंदिर परिसर में दीपोत्सव की अभूतपूर्व तैयारी
X

इस वर्ष अयोध्या में दीपोत्सव ऐतिहासिक होने जा रहा है,1,100 स्वदेशी ड्रोनों से आसमान में रामकथा भी प्रदर्शित की जाएगी।

इस वर्ष अयोध्या में दीपोत्सव ऐतिहासिक होने जा रहा है, क्योंकि भव्य राम मंदिर का पूरा 70 एकड़ परिसर पहली बार डेढ़ लाख दीपों से जगमगाएगा। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 19 अक्टूबर को होगा।

अयोध्या : अयोध्या का दीपोत्सव इस वर्ष अपनी भव्यता और पैमाने को एक ऐतिहासिक स्तर तक ले जा रहा है। यह पहला अवसर होगा जब नवनिर्मित भव्य राम मंदिर का संपूर्ण 70 एकड़ का परिसर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। राम मंदिर निर्माण ट्रस्ट ने यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि मंदिर निर्माण के पहले चरण के कार्य पूरे हो चुके हैं और परिसर अब भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। अभी तक यह उत्सव केवल गर्भगृह या दर्शनपथ तक ही सीमित रहता था।

मंदिर के चारों दिशाओं में फैला लगभग चार किलोमीटर का क्षेत्र डेढ़ लाख दीपों से आलोकित होगा, जो भक्ति और उल्लास का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 19 अक्टूबर को निर्धारित है, जब ठीक शाम 5:30 बजे पूरा परिसर दीपों की रोशनी में डूब जाएगा। इस अवसर पर दो नए विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की 30 सदस्यों की विशेष टीम भी अयोध्या पहुंच चुकी है। यह टीम 56 घाटों पर जलाए जाने वाले 26 लाख दीयों के प्रबंधन का कार्य देखेगी। इसके अलावा, 18 और 19 अक्टूबर को 1,100 स्वदेशी ड्रोनों का शो भी होगा, जो आसमान में रामायण के प्रसंगों की झलकिया प्रस्तुत करेंगे।

इस वर्ष 6 दिन तक चलेगा दीपावली का महापर्व

इस साल दीपावली का महापर्व पांच दिन के बजाय छह दिन तक मनाया जाएगा। पर्व की शुरुआत 18 अक्टूबर को धनतेरस से होगी और इसका समापन 23 अक्टूबर को भाई दूज के साथ होगा। इस छह दिवसीय महापर्व में धनतेरस, छोटी दीपावली (नरक चतुर्दशी), दीपावली (मुख्य दिन), भौमवती अमावस्या, गोवर्धन पूजा और भाई दूज जैसे प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे।

दान और श्राद्ध की भौमवती अमावस्या 21 अक्टूबर को मनाई जाएगी, जिसके कारण यह महापर्व छह दिनों का हो जाएगा। यह विस्तार अयोध्या सहित पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धालुओं को अधिक समय तक भक्ति और उल्लास में लीन रहने का अवसर प्रदान करेगा। दीपोत्सव के बाद 22 अक्टूबर को अन्नकूट गोवर्धन पूजा का त्योहार मनाया जाएगा, जिसकी प्रतिपदा तिथि 21 अक्टूबर को शाम 5:54 बजे से शुरू होकर 22 अक्टूबर को रात 8:16 बजे तक रहेगी।

दीपावली पर्वों के सटीक मुहूर्त और तिथियां

धनतेरस (18 अक्टूबर): कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 18 अक्टूबर को दोपहर 12:18 बजे से होगी और समापन 19 अक्टूबर को दोपहर 1:51 बजे होगा। इसी दिन धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा।

छोटी दीपावली/नरक चतुर्दशी (19 अक्टूबर): इस दिन काली चौदस और हनुमान जी की पूजा होती है। चतुर्दशी तिथि की शुरुआत 19 अक्टूबर को दोपहर 1:51 बजे होगी और समापन 20 अक्टूबर को दोपहर 3:44 बजे होगा।

दीपावली (20 अक्टूबर): कार्तिक माह की अमावस्या तिथि की शुरुआत 20 अक्टूबर को दोपहर 3:44 बजे से होगी और 21 अक्टूबर को शाम 5:54 बजे तक रहेगी। इसी अवधि में 20 अक्टूबर को दीपावली मनाई जाएगी।

गोवर्धन पूजा (22 अक्टूबर): अन्नकूट गोवर्धन पूजा का त्योहार 22 अक्टूबर को मनाया जाएगा। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 21 अक्टूबर को शाम 5:54 बजे से शुरू होकर 22 अक्टूबर को रात 8:16 बजे तक रहेगी।

भाई दूज (23 अक्टूबर): भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत 22 अक्टूबर को रात 8:16 बजे होगी और 23 अक्टूबर को सुबह 10:46 बजे समापन होगा।

रिकॉर्ड बनाने और तकनीकी शो का विशेष आयोजन

इस साल अयोध्या में आयोजित होने जा रहे दीपोत्सव में दो नए विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है, जिसने इसे वैश्विक आकर्षण का केंद्र बना दिया है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की 30 सदस्यों की विशेष टीम बुधवार को ही अयोध्या पहुंच चुकी है। टीम के कंसल्टेंट निश्चल बरोट ने पुष्टि की है कि इस बार दीपोत्सव में दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित किए जाएंगे।

इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए यह टीम नए वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित करने का कार्य कर रही है, ताकि रिकॉर्ड बनाने की प्रक्रिया सटीक और त्रुटिहीन हो सके। टीम के सदस्यों को दीयों के सही प्लेसमेंट और जलाने के लिए राम की पैड़ी के विभिन्न 56 घाटों की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। इस बार राम की पैड़ी सहित कुल घाटों पर 26 लाख दीये जलाए जाने की योजना है। इसके साथ ही, पर्यटन विभाग ने 18 और 19 अक्टूबर को कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो और 3-डी होलोग्राफिक म्यूजिकल लेजर शो आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन आयोजनों का मुख्य आकर्षण स्वदेश में निर्मित 1,100 ड्रोनों का एक विशेष शो होगा, जो आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकिया प्रस्तुत करेंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story