सीएम योगी ने केंद्रीय बजट 2026 को सराहा: बोले- 'नए भारत' और 'विकसित भारत' की संकल्पना होगी साकार

सीएम योगी ने कहा यह बजट भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026 पर अपनी महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री ने इस बजट को देश की 140 करोड़ जनता की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने और विकसित राष्ट्र की श्रेणी में खड़ा करने का एक स्पष्ट रोडमैप है।
आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक है यह बजट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बजट देश की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिसमें नए भारत और विकसित भारत की संकल्पना की दृष्टि स्पष्ट दिखाई देती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बजट के प्रावधानों से समाज के हर वर्ग को लाभ मिलेगा और यह देश के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
सीएम के अनुसार, यह बजट भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
स्वास्थ्य और आयुष क्षेत्र के कायाकल्प पर जोर
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसमें आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में किए गए प्रावधानों से स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा।
इससे न केवल आम जनमानस को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पारंपरिक आयुष पद्धति को भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण: हर जनपद में बनेंगे छात्रावास
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बजट के प्रावधानों को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के लिए हर जनपद में छात्रावास के निर्माण की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने इसे एक क्रांतिकारी कदम बताया, जिससे घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं और नौकरी पेशा महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम आधी आबादी को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।
नौजवानों के लिए रिफॉर्म और अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
युवाओं के भविष्य पर बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि नौजवानों के लिए हर क्षेत्र में नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्रों में रिफॉर्म का बजट पेश किया गया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मददगार साबित होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, रिफॉर्म्स और निवेश के नए रास्ते खुलने से भारत की आर्थिक विकास दर को नई रफ्तार मिलेगी।
