राष्ट्र भक्ति का उद्घोष: भाजपा 7 नवंबर को मनाएगी 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ, प्रदेश भर में होंगे भव्य कार्यक्रम

8 नवंबर को राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में भी वंदे मातरम के गायन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
लखनऊ : भारत के राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की रचना के 150वें वर्ष में प्रवेश करने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 7 नवंबर को प्रदेश भर में भव्य उत्सवों का आयोजन करेगी। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशभक्ति और एकता का प्रतीक रहा यह गीत, जिसे बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने 1875 में रचा था।
पार्टी का उद्देश्य इन आयोजनों के माध्यम से आमजन में राष्ट्र भक्ति की भावना को एक नई ऊर्जा देना है और समाज के हर वर्ग को इस ऐतिहासिक अवसर से जोड़ना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में 'मन की बात' कार्यक्रम में 7 नवंबर को 'वंदे मातरम' के 150वें वर्ष के उत्सव में प्रवेश करने की बात कही थी और इसे यादगार बनाने का आह्वान किया था।
18 महानगरों में प्रेस वार्ता
उत्सव की रूपरेखा और उद्देश्य को जन-जन तक पहुचाने के लिए भाजपा ने एक व्यापक योजना बनाई है। इसी क्रम में, पार्टी द्वारा बुधवार को प्रदेश के 18 महानगरों में एक साथ प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता को संबोधित किया, जबकि अन्य महानगरों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सांसद, विधायक और संगठन के प्रमुख नेता पत्रकार वार्ताओं के माध्यम से अभियान की जानकारी दी।
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और अभियान के संयोजक त्रयम्बक त्रिपाठी ने बताया कि इन प्रेस वार्ताओं का उद्देश्य कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य और राष्ट्रगीत के माध्यम से जनजागरण के संदेश को लोगों तक पहुँचाना है।
प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा
भाजपा ने 7 नवंबर से शुरू होने वाले इस अभियान में राष्ट्र भक्ति की भावना जगाने के लिए कार्यक्रमों की एक विस्तृत श्रृंखला तैयार की है। प्रदेश भर में विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे।
इसके अतिरिक्त, जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगोष्ठिया आयोजित की जाएंगी, जिनमें वंदे मातरम के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य है कि हर नागरिक 'वंदे मातरम' के संदेश को गहराई से आत्मसात करे और देशभक्ति की भावना को नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ाए।
7 और 8 नवंबर को सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष आयोजन
उत्सव को एक व्यापक स्वरूप देने के लिए, भाजपा ने सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रमों की योजना बनाई है। अभियान के तहत, 7 नवंबर को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन आयोजित किया जाएगा।
8 नवंबर को राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में भी वंदे मातरम के गायन और इससे जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को इस राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास और महत्व से परिचित कराना है। भाजपा द्वारा आयोजित इस उत्सव को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
