मथुरा: बांके बिहारी मंदिर में VIP एंट्री पर रोक! दर्शन का समय भी बढ़ाया गया

मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था खत्म कर दी गई है।
Banke Bihari Darshan Time: श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और सभी भक्तों के लिए सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, वृंदावन के प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। इसके साथ ही, आम भक्तों के लिए दर्शन का समय बढ़ाया गया है।
दर्शन व्यवस्था में बड़े बदलाव
मंदिर प्रबंधन समिति ने गुरुवार (11 सितंबर) को हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इन निर्णयों का मुख्य उद्देश्य मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। अब तक 100 रुपये की पर्ची के माध्यम से मिलने वाले वीआईपी दर्शन की व्यवस्था को दर्शन में सबसे बड़ी बाधा माना गया था। इस व्यवस्था के कारण आम भक्तों को परेशानी होती थी।
आपको बता दें वीआईपी दर्शन बंद करने के अलावा, मंदिर के बाहर दर्शनों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। यह सुविधा उन भक्तों के लिए फायदेमंद होगी जो भीड़ के कारण मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाते हैं।
सुरक्षा और ऑडिट पर जोर
मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है। इसके तहत सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही, मंदिर के भवन का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा, ताकि इसकी संरचनात्मक मजबूती का पता लगाया जा सके।
कमेटी ने मंदिर की संपत्ति का भी विस्तृत विवरण मांगा है और 2013 से 2016 तक का ऑडिट भी कराया जाएगा, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई सेवायतों और अधिकारियों ने भाग लिया, जिसमें इन सभी बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई।
बढ़ेगा दर्शन का समय
मंदिर समिति ने दर्शन के समय को बढ़ाने का निर्णय लिया है। यह कदम खासतौर पर छुट्टियों और त्यौहारों के दौरान भीड़ को कम करने में मदद करेगा। लंबे समय से भक्त दर्शन का समय बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिसे अब स्वीकार कर लिया गया है। यह निर्णय बांके बिहारी के भक्तों के लिए एक बड़ी राहत है, जो दूर-दूर से उनके दर्शन के लिए आते हैं।
