Azam Khan: सपा नेता आजम खान 23 माह बाद जेल से रिहा, कब तक रहेंगे बाहर? जानिए पूरी कहानी

आजम खान जेल से रिहा, Azam Khan bail news, आजम खान केस अपडेट
X

जेल से बाहर निकलते सपा नेता आजम खान। 

UP के पूर्व मंत्री आजम खान की 23 महीने बाद जेल से रिहाई हुई। 104 में से 80 से ज्यादा केस अब भी लंबित। जानें क्यों फिर जेल जा सकते हैं आजम खान।

Azam Khan Latest News: उत्तर प्रदेश की सियासत में कभी दमदार पहचान रखने वाले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को 23 महीने बाद मंगलवार (23 सितंबर 2025) को सीतापुर जेल से रिहा कर दिया गया। इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद यह रिहाई संभव हो पाई।

आजम खान की रिहाई पर बड़े बेटे अदीब खान समेत बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर मौजूद रहे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, हमें न्याय की उम्मीद थी। हमारी सरकार बनी तो आजम खान के खिलाफ दर्ज फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

104 मुकदमे, 4 सजाएं; अब क्या आगे?

  • आजम खान के खिलाफ कुल 104 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 93 मामले तो सिर्फ रामपुर में दर्ज हैं। इनमें से 12 मामलों का निपटारा हो चुका है। 8 में वे बरी हो चुके हैं। 4 मामलों में उन्हें दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई है।
  • आजम खान के खिलाफ 80 से अधिक केस अभी कोर्ट में लंबित हैं। इनमें से कई मामलों में सुनवाई अंतिम चरण में है। कुछ मामलों में जल्द ही फैसला आने की उम्मीद है।

क्या आजम खान फिर जाएंगे जेल?

विशेषज्ञों के अनुसार, भले ही आजम खान को सभी मामलों में जमानत मिल गई हो, लेकिन उनके खिलाफ दर्ज अन्य केसों में फैसले आने बाकी हैं। यदि इनमें सजा हुई तो उन्हें फिर जेल जाना पड़ सकता है। उनके खिलाफ 59 केस मजिस्ट्रेट कोर्ट में, 19 सेशन कोर्ट में और 3 जिला अदालत में विचाराधीन हैं।

आजम खान को इन 4 मामलों में सजा

आजम खान को 2022 में भड़काऊ भाषण के मामले में 3 साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद 2023 में बेटे अब्दुल्ला आजम के फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र पर 7 साल, 2024 में डुंगरपुर ज़मीन बेदखली केस में 10 साल और मशीन चोरी व सड़क अवरोध मामले में 2-7 साल की सजा सुनाई गई थी। इनके अलावा उन पर भैंस चोरी, बकरी चोरी, दस्तावेजों में हेराफेरी, सरकारी संपत्ति पर कब्जा जैसे कई केस दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें: आजम खान जेल से रिहा, क्या बदलेगा यूपी का सियासी गणित?

परिवार पर 200 केस, पत्नी-बेटे भी आरोपी

आजम खान का पूरा परिवार यूपी पुलिस के शिकंजे पर है। आजम खान के खिलाफ जहां 104 केस दर्ज हैं, वहीं उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के पर 43, पत्नी तंजीम फातिमा के खिलाफ 35 और बड़े बेटे अदीब खान पर 20 प्रकरण दर्ज हैं। उनका परिवार 200 प्रकरणों में बुरी तरह से उलझा हुआ है।

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई पर कोर्ट का आभार जताया। कहा, हम समाजवादियों को विश्वास था कि न्यायालय न्याय करेगा। हमें उम्मीद है कि भाजपा द्वारा अब कोई झूठा मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। इसके लिए एक अधिकारी को बार-बार सेवा विस्तार दिया गया। हमारी सरकार आई तो हिसाब बराबर करेंगे। आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी फर्जी मुकदमे वापस लिए जाएंगे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story