दीपोत्सव 2025: अयोध्या में 1,000 स्वदेशी ड्रोन दिखाएंगे रामराज्य का दृश्य, जानें क्या है योगी सरकार की तैयारी?

दीपोत्सव 2025: अयोध्या में 1,000 स्वदेशी ड्रोन दिखाएंगे रामराज्य का दृश्य। (फाइल फोटो)
Deepotsav 2025 Ayodhya: श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में दीपोत्सव-2025 बेहद खास होने वाला है। दीपोत्सव पर इस बार अयोध्या में सिर्फ दीयों की रोशनी ही नहीं, बल्कि तकनीक और आध्यात्म का अद्भुत संगम भी देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपोत्सव-2025 को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारी कर रही है।
दीपोत्सव 2025 पर इस बार अध्योध्या में आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र 1,000 से ज़्यादा स्वदेशी ड्रोन से होने वाला भव्य लाइट-शो होगा, जो भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक गाथा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।
दीपोत्सव स्पेशल ड्रोन शो
दीपोत्सव पर करीब 15 मिनट तक 1,000 से ज़्यादा ड्रोन अयोध्या के आसमान पर एक साथ उड़ान भरेंगे। इस दौरान लंका पर विजय, पुष्पक विमान से अयोध्या वापसी और राम दरबार जैसे रामयाण काल के महत्वपूर्ण प्रसंगों का सजीव चित्रण होगा।
यह ड्रोन-शो न केवल तकनीकी चमत्कार होगा, बल्कि रामायण के संदेश को एक आधुनिक और मनोरम तरीके से पेश करेगा। दीपोत्सव में सिर्फ ड्रोन शो ही नहीं, बल्कि कई और भव्य आयोजन भी होंगे, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे।
दीपोत्सव 2025: अयोध्या में ये कार्यक्रम भी होंगे
- रिकॉर्ड दीये: हर साल की तरह, सरयू नदी के घाटों पर लाखों मिट्टी के दीये जलाए जाएँगे, जिससे एक अलौकिक और स्वर्णिम दृश्य बनेगा। यह आयोजन हर साल गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाता है और इस बार भी नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी है।
- भव्य शोभायात्रा: भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों की एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लेंगे।
- रामलीला: विभिन्न राज्यों के कलाकार रामायण पर आधारित झाँकियाँ और रामलीला का मंचन करेंगे। इसके अलावा, लोक नृत्य, संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
- लेज़र और साउंड शो: सरयू नदी के किनारे एक विशेष लेज़र और साउंड शो का आयोजन होगा, जो रामायण के विभिन्न अध्यायों को जीवंत करेगा।
अयोध्या का बढ़ता महत्व
दीपोत्सव ने अयोध्या को सिर्फ धार्मिक नगरी के बजाय वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से दीपोत्सव का यह आयोजन हर साल बड़ा होता जा रहा है। इसका उद्देश्य सिर्फ दिवाली मनाना नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध संस्कृति, आस्था और आधुनिक प्रगति को दुनिया के सामने लाना है।
सोर्स: हरिभूमि लखनऊ ब्यूरो
