अम्बेडकरनगर में HIV का प्रकोप: 180 दिन मे 112 नए मामले! प्रवासी मजदूर सबसे अधिक प्रभावित

HIV cases
X

 HIV cases

अंबेडकर नगर में 2005 से शुरू हुए संपूर्ण सुरक्षा केंद्र के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अब तक 2,040 लोग एचआईवी से संक्रमित हो चुके हैं और 160 लोगों की मौत हो चुकी है।

अम्बेडकरनगर: लखनऊ से तकरीबन 200 किलोमीटर दूर अंबेडकर नगर जिले में एचआईवी संक्रमण की स्थिति गंभीर है। पिछले छह महीनों में 112 नए मामले सामने आए हैं, जिसने स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। इसका कारण दूसरे राज्यों से लौटे प्रवासी मजदूर हैं। ये मजदूर न केवल खुद संक्रमित हुए, बल्कि इनके संपर्क में आने से स्थानीय महिलाएं भी इसकी चपेट में आ गई हैं, जिनमें से चार गर्भवती महिलाएं भी हैं।

एचआईवी के नए मामलों में सबसे बड़ी संख्या उन लोगों की है जो काम के लिए दूसरे राज्यों में गए थे और अब वापस लौटे हैं। डॉक्टरों का मानना है कि असुरक्षित यौन संबंध बनाने के कारण वे संक्रमित हुए। ये लोग वापस अपने गांव लौटे और अनजाने में अपने पार्टनर को भी संक्रमित कर दिया। इसने संक्रमण की एक नई चेन शुरू कर दी है, जिससे स्थानीय आबादी में भी मामले बढ़ रहे हैं।

इस संक्रमण ने महिलाओं को भी प्रभावित किया है। कई महिलाएं अपने संक्रमित पति के कारण एचआईवी पॉजिटिव पाई गई हैं। सबसे दुखद स्थिति यह है कि चार गर्भवती महिलाएं भी संक्रमित हुईं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की प्रयास से एक गर्भवती महिला का प्रसव सफलतापूर्वक हुआ और नवजात शिशु को संक्रमण से बचाया जा सका।

अंबेडकर नगर में 2005 से शुरू हुए संपूर्ण सुरक्षा केंद्र के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। अब तक 2,040 लोग एचआईवी से संक्रमित हो चुके हैं और 160 लोगों की मौत हो चुकी है। चिंताजनक बात यह है कि इस वर्ष में न केवल संक्रमण के मामले बढ़े हैं, बल्कि मौतें भी दोगुनी हो गई हैं। पिछले साल पूरे 12 महीनों में जहां दो मौतें हुई थीं, वहीं इस साल सिर्फ छह महीनों में चार लोगों की जान चली गई है।

सरकार एचआईवी एड्स की रोकथाम के लिए कई जागरूकता अभियान चला रही है। इसमें मुफ्त जांच, दवाइयां और परामर्श सेवाएं शामिल हैं। इसके बावजूद, संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसका मुख्य कारण असुरक्षित यौन व्यवहार, जागरूकता की कमी हैं, लापरवाही भी संक्रमण के प्रसार का मुख्य कारण है।

अम्बेडकरनगर में वर्तमान में 1880 एचआईवी के सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 1689 मरीज जिला अस्पताल के संपूर्ण सुरक्षा केंद्र से नियमित दवाएं ले रहे हैं, जबकि बाकी मरीज लखनऊ या अन्य जिलों में इलाज करवा रहे हैं। हालांकि, बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज हो रहा है, फिर भी नए मामलों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

सोर्स : हरिभूमि लखनऊ ब्यूरो

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story