बिहार चुनाव 2025: 'SIR ने किया खेल... अब UP में नहीं चलने देंगे' - बिहार के चुनाव परिणाम पर अखिलेश यादव का बड़ा आरोप

अखिलेश ने नतीजों को सीधे तौर पर एक 'चुनावी साज़िश' करार दिया है और बीजेपी पर धांधली का गंभीर आरोप लगाया है।
लखनऊ : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मतगणना रुझानों में एनडीए को मिलती प्रचंड बढ़त पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा सियासी हमला बोला है।
उन्होंने इन नतीजों को सीधे तौर पर एक 'चुनावी साज़िश' करार दिया है और भारतीय जनता पार्टी पर धांधली का गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अब आगे के चुनावों के लिए चौकन्ना रहने का आह्वान किया है।

बिहार के रुझानों पर सपा अध्यक्ष का हमला- 'दल नहीं छल' है भाजपा
चुनाव आयोग के आकड़ों के अनुसार, बिहार में एनडीए गठबंधन बहुमत के आंकड़े को पार कर चुका है, जबकि महागठबंधन 50 सीटों तक भी नहीं पहुच पा रहा है। इस परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि यह जीत जनादेश नहीं, बल्कि साजिश का नतीजा है, और अंत में भाजपा को 'दल नहीं छल' करार दिया।
'SIR' से जोड़ा चुनावी धांधली का तार, बताया बड़ा भंडाफोड़
अखिलेश यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में बिहार के इस परिणाम को 'SIR' से जोड़ा। उनका सीधा आरोप था कि जो 'खेल' 'SIR' ने बिहार में किया है, वह भाजपा की एक व्यापक चुनावी साज़िश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि "इस चुनावी साज़िश का अब भंडाफोड़ हो चुका है।" यह संकेत देता है कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं, जिसे वह नतीजों में हेरफेर का कारण मान रहे हैं।
यूपी, प. बंगाल समेत अन्य राज्यों के लिए जारी की खुली चेतावनी
बिहार के नतीजों को देखते हुए अखिलेश यादव ने अन्य राज्यों के चुनावों के लिए भाजपा को खुली चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो 'खेल' बिहार में हुआ है, वह अब पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और बाकी जगहों पर नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि "अब आगे हम ये खेल, इनको नहीं खेलने देंगे।"
कार्यकर्ताओं को निर्देश - CCTV की तरह 'PPTV' बनकर नाकाम करें मंसूबे
चुनावी साजिश के आरोप के बाद अखिलेश यादव ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि CCTV की तरह अब हमारा 'PPTV' यानी 'पीडीए प्रहरी' चौकन्ना रहेगा। 'पीडीए' उनकी सोशल इंजीनियरिंग का नारा है। उन्होंने 'पीडीए प्रहरी' से आह्वान किया कि वे भाजपा के मनसूबों को नाकाम करेंगे।
अखिलेश ने भी महागठबंधन के लिए की थीं 25 जनसभाएं
चुनावी साजिश का आरोप लगाने वाले अखिलेश यादव स्वयं महागठबंधन के लिए बिहार में प्रमुख प्रचारक रहे थे। उन्होंने गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए कुल 25 जनसभाओं को संबोधित किया था। इन 25 रैलियों में से 23 मुख्य रूप से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवारों के समर्थन में थीं, जबकि उन्होंने कांग्रेस और सीपीआई के लिए भी एक-एक जनसभा की थी।
