ADR Report: यूपी कैबिनेट में आधे मंत्री दागी! 205 विधायकों पर भी संगीन आरोप, करोड़पति MLA की भरमार

adr report up ministers criminal records
X

adr report: योगी कैबिनेट के 53 मंत्रियों में से 29 पर आपराधिक केस, 205 विधायकों पर भी संगीन आरोप।

ADR की रिपोर्ट ने यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53 मंत्रियों में से 29 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे संगीन आरोप भी शामिल हैं। वहीं 403 में से 205 विधायक भी दागी हैं।

ADR Report: देश की राजनीति में पारदर्शिता पर काम करने वाली संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट चर्चा मे है। इस रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53 सदस्यीय मंत्रिमंडल में से 29 मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो कि लगभग 55% है।

गंभीर धाराओं में दर्ज हैं मुकदमे

रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन 29 मंत्रियों में से 20 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गंभीर मामलों में वे अपराध शामिल होते हैं, जिनमें गैर-जमानती धाराएं लगी होती हैं और जिनमें 5 साल या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है। इन आरोपों में हत्या (IPC की धारा 302), हत्या का प्रयास (IPC की धारा 307) और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे संगीन मामले भी शामिल हैं।

किस मंत्री पर कितने केस

रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा आपराधिक मामले इन मंत्रियों पर दर्ज हैं:

  • केशव प्रसाद मौर्य: 7 मुकदमे
  • नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी': 7 मुकदमे
  • कपिल देव अग्रवाल: 7 मुकदमे
  • दयाशंकर मिश्र 'दयालु': 7 मुकदमे
  • दिनेश प्रताप सिंह: 6 मुकदमे
  • सूर्य प्रताप शाही: 5 मुकदमे
  • जयवीर सिंह: 5 मुकदमे

यूपी से प्रतिनिधित्व करने वाले केंद्रीय मंत्रियों की भी है दागदार छवि

जितिन प्रसाद: 3 मुकदमे

अनुप्रिया पटेल: 2 मुकदमे

पंकज चौधरी: 1 मुकदमा

आपराधिक पृष्ठभूमि वाले विधायक

​रिपोर्ट के अनुसार, 403 विधायकों मे 205 विधायकों में से 158 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गंभीर मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। यह आंकड़ा यूपी की विधानसभा में आपराधिक रिकॉर्ड वाले नेताओं की बढ़ती संख्या को दर्शाता है।

करोड़पति विधायकों की भरमार

​आर्थिक मामलों में भी विधायकों की स्थिति काफी मजबूत है। रिपोर्ट बताती है कि 403 में से 366 विधायक करोड़पति हैं, यानी कुल विधायकों का 91%। इन सभी विधायकों की औसत संपत्ति ₹8.06 करोड़ है, जो यह बताता है कि विधानसभा में अधिकांश सदस्य आर्थिक रूप से संपन्न हैं।

उत्तर प्रदेश के विधायकों की शिक्षा (2022 विधानसभा चुनाव रिपोर्ट के अनुसार)

​एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में जीतने वाले विधायकों की शैक्षिक योग्यता.

  • 12वीं कक्षा तक की शिक्षा: 87 विधायक (22%)
  • स्नातक (Graduate) या उससे ऊपर की शिक्षा: 305 विधायक (76%)
  • ​डिप्लोमा धारक: 3 विधायक
  • साक्षर (Literate): 7 विधायक
  • अशिक्षित (Illiterate): 1 विधायक

हालांकि इस रिपोर्ट की माने तो ​उत्तर प्रदेश विधानसभा में पढ़े-लिखे विधायकों की संख्या काफी अधिक है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story