यूपी में दौड़ी तबादला एक्सप्रेस: 3 मंडलायुक्त और 10 डीएम सहित 46 IAS अधिकारियों के तबादले!

इस तबादले में10 जिलों के जिलाधिकारी बदले गयें हैं।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने आने वाले पंचायत चुनावी तैयारियों के बीच शासन व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल किया है। मंगलवार को 46 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का तबादला किया गया। इस फेरबदल में तीन मंडलायुक्त और 10 जिलों के जिलाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
इस तबादला सूची में कई प्रमुख मंडलों के अधिकारियों को बदला गया है। विंध्याचल, सहारनपुर और मेरठ मंडल के कमिश्नर इस प्रशासनिक बदलाव का हिस्सा रहे हैं। बाल कृष्ण त्रिपाठी, जो अब तक विंध्याचल के मंडलायुक्त थे, उन्हें अब उत्तर प्रदेश शासन में सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। उनकी जगह महानिदेशक मत्स्य राजेश प्रकाश को विंध्याचल मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, मेरठ मंडल के आयुक्त के रूप में भानु चंद्र गोस्वामी को नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि रूपेश कुमार को सहारनपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।



जिलाधिकारियों के पदों की नई कमान
इस तबादले में10 जिलों के जिलाधिकारी बदले गयें हैं। इनमें बस्ती, सिद्धार्थनगर, चित्रकूट, ललितपुर, श्रावस्ती, रामपुर, बलरामपुर और कौशांबी सहित अन्य जिले शामिल हैं। आईएएस कृतिका ज्योत्सना को बस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही, वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहरों की प्रशासनिक संरचना में भी बदलाव किए गए हैं।
वाराणसी के मुख्य विकास अधिकारी रहे हिमांशु नागपाल को अब वाराणसी का नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि वाराणसी की एडीएम वंदिता श्रीवास्तव को कुशीनगर का सीडीओ बनाया गया है। पूर्व मंडलायुक्त अटल कुमार राय को सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह व्यापक फेरबदल शासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जन-केंद्रित बनाने के लक्ष्य के साथ किया गया है।
