राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: इन 12 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी, जानें मौसम का हाल

Rajasthan Weather Alert
राजस्थान में सोमवार सुबह मौसम ने एक बार फिर करवट ली। कई जिलों में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे जनजीवन और यातायात प्रभावित रहा। सीकर शहर और पलसाना (सीकर) क्षेत्र में विजिबिलिटी महज 50 मीटर तक सिमट गई, जबकि टोंक में हालात और भी खराब रहे, जहां दृश्यता 30 मीटर से नीचे दर्ज की गई।
इधर, चित्तौड़गढ़ में रविवार रात तेज बारिश हुई। कनेरा घाटा क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरने की भी खबर है। सोमवार सुबह यहां भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोगों को ठंड और फिसलन दोनों का सामना करना पड़ा।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को प्रदेश के 12 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण आने वाले घंटों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में रविवार दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। कोटा और चित्तौड़गढ़ में दोपहर बाद कई इलाकों में बादल छाए और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओले भी गिरे।
जयपुर और अजमेर संभागों में हल्के बादल और धुंध छाई रही, जिससे धूप कम रही और ठंड का असर बना रहा। वहीं, जोधपुर संभाग में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
