राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज: पहली मावठ की आहट, इन संभागों में बारिश का येलो अलर्ट जारी

राजस्थान में कड़ाके की ठंड का कहर, सीकर, अलवर और नागौर में खेतों व गाड़ियों पर बर्फ जमी।
प्रदेश में मौसम लगातार करवट ले रहा है और ठंड के तेवर अब धीरे-धीरे नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। इसी कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटों में प्रदेश के सभी जिलों के न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसके बावजूद करौली प्रदेश का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अलवर में 6.4, फतेहपुर में 6.5, लूणकरणसर में 6.9, नागौर और श्रीगंगानगर में 7 डिग्री, माउंट आबू में 7.2 और दौसा में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से धूप की तपिश में कमी देखने को मिली, जिससे दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 22 से 24 जनवरी के बीच प्रदेश में बारिश यानी मावठ होने की पूरी संभावना है। यह साल 2026 की पहली मावठ मानी जा रही है, जो किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में 22 से 23 जनवरी के बीच बारिश की संभावना है। वहीं जयपुर और भरतपुर संभाग में 23 से 24 जनवरी के दौरान बरसात हो सकती है। इस दौरान मेघगर्जन के साथ बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए विभाग ने कई जिलों में आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी जयपुर की बात करें तो यहां दिन में लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली है। जयपुर में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, पिछले तीन दिनों में जयपुर के न्यूनतम तापमान में करीब 6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
फिलहाल, प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और आने वाले दिनों में बारिश के साथ मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।
