Rajasthan Weather Update: घने कोहरे के कारण पलटी बस, यात्री घायल; इन 13 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। घने कोहरे और बदले हुए हालात के बीच भीलवाड़ा जिले के मांडल क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
अलवर में घना कोहरा, विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर
इधर, अलवर जिले में भी रविवार को घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय विजिबिलिटी महज 50 मीटर दर्ज की गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करने को मजबूर होना पड़ा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई इलाकों में बारिश-ओले
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली में रविवार सुबह तक लगातार बारिश होती रही। इससे पहले शनिवार को अजमेर में बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।
13 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार को प्रदेश के 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
फरवरी के बाद दिखेगी हल्की गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार फरवरी महीने में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। अनुमान जताया जा रहा है कि 14-15 फरवरी के बाद, यानी महीने के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में हल्की गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।
