राजस्थान में ठंड का कहर: सीकर में एक डिग्री तापमान, पाला पड़ने की चेतावनी

Rajasthan Weather Update
उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं का असर अब राजस्थान में साफ दिखाई देने लगा है। राज्य के कई इलाकों में तापमान तेजी से गिरा है और रातें रिकॉर्ड तोड़ ठंडी हो रही हैं। सीकर, चूरू और जयपुर सहित शेखावाटी क्षेत्र में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।
गुरुवार रात सीकर का तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो जमाव बिंदु के बेहद करीब है। इससे पहले बुधवार की रात शेखावाटी का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे ग्रामीण इलाकों में ओस की बूंदें जम गईं और पाला पड़ने जैसी स्थिति बन गई।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन उत्तरी हवाएं और तेज होंगी। इससे आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का तापमान
राजस्थान में कई जगहें कड़ाके की ठंड झेल रही हैं।
सबसे कम तापमान दर्ज हुआ:
फतेहपुर (सीकर) – 2.2°C
लूणकरणसर (बीकानेर) – 2.9°C
नागौर – 4°C
तेज ठंड के कारण सीकर, फतेहपुर और चूरू के आसपास के गांवों में ओस जमने लगी है, जिससे फसलों पर पाला पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
दिन में भी बढ़ रही ठंड
सिर्फ रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तरी हवाओं की वजह से राजस्थान के सभी शहरों का अधिकतम तापमान 30°C से नीचे चला गया। सबसे ज्यादा ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां अधिकतम तापमान सिर्फ 20.8°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में इसी तरह की कड़ाके की सर्दी बनी रहेगी।
