जयपुर| राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम का असर 31 मार्च तक बना रहेगा। इसके बाद 1 अप्रैल से प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा और फिर से गर्मी का असर बढ़ेगा।
रविवार को इस सिस्टम का असर कमजोर देखने को मिला। बीकानेर संभाग में दिनभर मौसम शुष्क रहा और धूप निकली। वहीं जालोर, सिरोही और पाली जिलों में हल्के बादल छाए रहे। जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में आसमान साफ रहा और तेज धूप देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, वातावरण में नमी की कमी के कारण बारिश नहीं हो सकी।
इस बीच तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान कोटा में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू में 37.6, पिलानी (झुंझुनूं) और अलवर में 37.2, बाड़मेर में 37, सीकर में 36, जैसलमेर में 35.8, जोधपुर में 35.3, श्रीगंगानगर में 34.5 और बीकानेर में 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और जरूरी न होने पर घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।