मौसम: राजस्थान में ठंड ने दी दस्तक, कई जिलों में शीतलहर का असर; जानें कैसा रहेगा कल का Weather

MP Mausam News
Rajasthan Weather: राजस्थान में अब दिनों-दिन सर्दियां बढ़ रही हैं। उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश के कई इलाकों में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अलवर, करौली, सीकर, नागौर और दौसा जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया है, जिससे सुबह और शाम के समय शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है। यहां जानें कैसा रहेगा कल मंगलवार का मौसम?
जयपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अलवर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, सीकर में 7.5 डिग्री और पिलानी में 10.2 डिग्री दर्ज हुआ। उदयपुर और टोंक में भी तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
मंगलवार को शीतलहर की संभावना
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान के जिलों के लिए 10 से 11 नवंबर तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट संभव है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर अब राजस्थान के मैदानी क्षेत्रों पर दिख रहा है।
एक सप्ताह तक शुष्क रहेगा मौसम
सोमवार को सीकर और टोंक में सुबह के समय शीतलहर चली, जिससे लोगों को कंपकंपी महसूस हुई। कई स्थानों पर लोगों ने सुबह-सुबह अलाव जलाकर ठंड से राहत ली। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा, दिन में धूप खिली रहेगी लेकिन सुबह-शाम ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा
तापमान में रहेगी गिरावट
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में सबसे अधिक 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान फतेहपुर, सीकर व नागौर में 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक राजस्थान में शुष्क मौसम बना रहेगा और तापमान में हल्की गिरावट जारी रहने की संभावना है।
