जैसलमेर-जोधपुर बस हादसा: आग में जलकर 21 यात्रियों की मौत, 15 झुलसे; 4 मरीजों की हालत नाजुक

A Jaisalmer-Jodhpur bus caught fire on Tuesday.
X

जैसलमेर-जोधपुर बस में मंगलवार को भीषण आग लग गई।

राजस्थान के जैसलमेर में दर्दनाक बस हादसे में 21 यात्रियों की मौत, 16 गंभीर घायल। महात्मा गांधी अस्पताल के अनुसार, 4 मरीजों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और CM भजनलाल शर्मा ने जताया शोक।

Jaisalmer Bus Fire: राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार (14 अक्टूबर 2025) को एक भयावह बस हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। जोधपुर जा रही निजी एसी स्लीपर बस में अचानक लगी आग ने 21 यात्रियों की जान ले ली, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। महात्मा गांधी अस्पताल के अनुसार, 4 मरीजों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।

यह दर्दनाक घटना जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर थईयात गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे। अचानक बस से धुआं निकलने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मृतक और घायल

अब तक 21 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 19 की मौके पर और एक 79 वर्षीय यात्री हुसैन खान की जोधपुर ले जाते समय मौत हुई। वहीं 16 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें 3 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं।

बचाव कार्य

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और पास के आर्मी कैंप के जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को पहले जैसलमेर के जवाहर अस्पताल और फिर 16 गंभीर मरीजों को जोधपुर रेफर किया गया।

वर्तमान में 15 घायल महात्मा गांधी अस्पताल और 1 घायल श्रीराम अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


शोक-संवेदनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: "जैसलमेर में बस आग की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: "दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ से ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता दी जाएगी।"



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा: ने घटनास्थल का दौरा किया और जोधपुर के MG अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

पहचान और जांच

कई शवों की पहचान मुश्किल बताई जा रही है। पुलिस ने डीएनए सैंपलिंग की अपील की है।

वहीं विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने कहा कि “यह समय सहयोग का है, हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं।”

पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि "आग इतनी तेजी से लगी कि बस कुछ ही मिनटों में आग का गोला बन गई, कई यात्री बाहर निकल भी नहीं पाए।"

कई घायलों को किया रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर परिषद के असिस्टेंट फायर ऑफिसर कृष्णपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मौतों का सटीक आंकड़ा आने में समय लगेगा। झुलसे यात्रियों को पहले जैसलमेर के राजकीय जवाहर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वाले 16 मरीजों को एम्बुलेंस से जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के बर्न यूनिट रेफर कर दिया गया। 10 एम्बुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर भेजा गया है, और स्थानीय लोगों से एम्बुलेंस को रास्ता देने की अपील की गई है।



आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। बस चालक और परिचालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि बस में पटाखे रखे थे।


मुख्यमंत्री ने जताया शोक, दिए निर्देश

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, "जैसलमेर में बस में आग लगने की घटना अत्यंत हृदयविदारक है। मैं इस दुखद दुर्घटना से प्रभावित नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संबंधित अधिकारियों को घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।" मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जैसलमेर के ज़िला कलेक्टर प्रताप सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए राहत कार्यों की निगरानी शुरू कर दी है। उन्होंने परिजनों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर (9414801400, 8003101400, 02992-252201, 02992-255055) जारी किए हैं।

Live Updates

  • 15 Oct 2025 3:52 PM

    एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

    जैसलमेर-जोधपुर: The burning bus live updates: जलती बस में एक पूरा परिवार खाक हो गया है। इनमें 3 बच्चों सहित पांच की मौत हो गई। शिनाख्त के लिए DNA सैंपलिंग ली जा रही है।



  • 15 Oct 2025 1:20 PM

    10 वर्षीय यूनुस ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

    जैसलमेर-जोधपुर: The burning bus live updates: राजस्थान में हुए स्लीपर बस अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हादसे में घायल 10 वर्षीय यूनुस ने आज सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महात्मा गांधी अस्पताल के अनुसार, 4 मरीजों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा है। 

  • 15 Oct 2025 10:15 AM

    सीएम भजनलाल दुर्घटनास्थल का दौरा किया

    जैसलमेर-जोधपुर: The burning bus live updates: सीएम भजनलाल शर्मा ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। आग में जलकर खाक हुई बस को देखा। पुलिस अधिकारीयों से हादसे की जानकारी ली। इसके बाद जोधपुर अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।



  • 15 Oct 2025 10:04 AM

    अशोक गहलोत ने बोले-बस कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज हो

    जैसलमेर-जोधपुर: The burning bus live updates: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जैसलमेर-जोधपुर बस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि 20 लोगों की मौत और कई यात्रियों का गंभीर रूप से झुलसना बेहद दुखद है। उन्होंने मांग की कि जांच आग के कारण पर केंद्रित हो, क्योंकि बस 10 दिन पहले ही खरीदी गई थी, जिससे तकनीकी खराबी का शक है। गहलोत ने लापरवाही को अस्वीकार्य बताया और कहा कि बस कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज होनी चाहिए, खासकर जब कोई दुर्घटना नहीं हुई थी। उन्होंने दरवाजे बंद होने की अफवाह का जिक्र किया, लेकिन पुष्टि की जरूरत बताई। सरकार से पूरी जांच की मांग की।



WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story