बासनपीर छतरी निर्माण विवाद: मुख्य आरोपी हासम खां समेत 23 लोग गिरफ्तार

Jaisalmer News: जैसलमेर जिले के बासनपीर गांव में ऐतिहासिक छतरियों के पुनर्निर्माण को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य षड्यंत्रकर्ता हासम खां को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को गांव में रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की छतरियों के निर्माण के दौरान एक पक्ष ने विरोध किया। इसके बाद देखते ही देखते पुलिस और निर्माण कार्य में लगे लोगों पर पथराव कर दिया। इस हमले में एक कांस्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए, जबकि कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पत्थरबाजी के दौरान महिलाओं और बच्चों को ढाल बनाकर पुलिस पर हमला किया। जिसकी वजह से पुलिस ने उनपर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं कर पाई। पुलिस ने षड्यंत्रकर्ताओं की पहचान कर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
गिरफ्तार किए गए लोगों में पुरुषों के साथ कई महिलाएं भी शामिल हैं, जिनमें हासम खां पुत्र सरादीनखां को मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। इसके अलावा मरवत, सुमरि, तीजा, हुरा, हसीना, ईतिया, ईस्लामखां, जाकिर खां, बच्चे खान, सुभानखां, बसीरखां, राणेखां, आसीन खांन, इमामत, मदीना, जामा, बिस्मिला, अनीमत, असीयत, नजीरां और हसीना के नाम शामिल हैं।
क्या है विवाद की जड़?
बासनपीर गांव में वर्ष 1828 में जैसलमेर और बीकानेर रियासतों के बीच हुए युद्ध में शहीद हुए नायकों रामचंद्र सोढ़ा और हदूद पालीवाल की स्मृति में बनी छतरियां 2019 में क्षतिग्रस्त हो गई थीं। प्रशासन द्वारा पुनर्निर्माण की अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया, जिसका गांव के एक पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए है प्रशासन
जैसलमेर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में कार्रवाई जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी हो रही है। पुलिस गांव में शांति बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।
