अलवर में बड़ी घटना: कांवड़ यात्रा के DJ ट्रक में दौड़ा करंट, दो की मौत, 30 से ज्यादा झुलसे

Alwar News
Alwar News: राजस्थान के अलवर में बड़ी घटना हो गई। बुधवार (23 जुलाई) को कांवड़ यात्रा का डीजे ट्रक हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। ट्रक में दौड़े करंट से 2 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 30 से ज्यादा झुलसे हैं। 3 की हालत गंभीर है। घटना लक्ष्मणगढ़ के बिचगांव की है। घटना से गुस्साए लोगों ने लक्ष्मणगढ़-मुंडावर रोड पर जाम लगा दिया है। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, बिचगांव में बुधवार को कांवड़ यात्रा निकल रही थी। यात्रा गांव के मंदिर की ओर जा रही थी। कांवड़ लेकर लौट श्रद्धालुओं का डीजे ट्रक हाईटेंशन लाइन से टच हो गया था। ट्रक में करंट दौड़ा। करंट की चपेट में आने से गोपाल (22) पुत्र लालाराम निवासी बिचगांव और सुरेश प्रजापत (40) पुत्र कजोड़ीराम निवासी बिचगांव की मौत हो गई। राधेश्याम, सीमा, राहुल सैनी, मदन प्रजापत निवासी बिचगांव और रजनी निवासी नगर गंभीर घायल हैं।
गुस्साए लोगों ने हाईवे कर दिया जाम
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। गुस्साए लोगों ने लक्ष्मणगढ़-मुंडावर रोड पर जाम लगा दिया है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची। लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टर ने हादसे में झुलसे 5 लोगों को अलवर रेफर किया गया है। इनमें तीन की हालत गंभीर है।
जैसा लोगों ने बताया
लोगों ने बताया कि बिचगांव में रविवार को कांवड़ यात्रा निकली थी। यात्रा मंगलवार रात को वापस गांव के पास पहुंच गई थी। बुधवार को DJ के साथ यात्रा में शामिल श्रद्धालु कावड़ चढ़ाने जा रहे थे। 150 से 200 लोग साथ थे। बिजली के तार नीचे थे। तार डीजे ट्रक से टच हो गए। DJ ट्रक में करंट फैल गया। कुछ महिला श्रद्धालु करंट फैलने के बाद जमीन पर गिर गईं। कुछ मिनटों के लिए मौके पर भगदड़ भी मच गई। दो की मौत हो गई।
