अजमेर: गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में यूथ कांग्रेस का हंगामा, छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन

Rajasthan: अजमेर में गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर शनिवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने परिसर के बाहर टायर जलाकर नारेबाजी की और गेट पर चढ़कर अपनी नाराजगी जताई। इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
कॉलेज कैम्पस में प्रदर्शन की सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी और धक्का-मुक्की की भी स्थिति बनी। प्रदर्शन का मुख्य कारण कॉलेज में व्याप्त अनियमितताएं और खासतौर पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता थी।
कॉलेज प्रशासन को दी चेतावनी
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने कॉलेज प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन को और बढ़ाया जाएगा। मोहित ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन में भ्रष्टाचार और सुरक्षा के मामलों में लापरवाही बढ़ती जा रही है, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मोहित मल्होत्रा ने बताया कि पिछले कुछ समय में कॉलेज और हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं। हाल ही में एक छात्रा के साथ हुई घटना ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने कहा कि प्राचार्य और प्रशासन की जवाबदेही तय किए बिना यूथ कांग्रेस आंदोलन बंद नहीं करेगी।
प्राचार्य को निलंबन करने की रखी मांग
उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि यदि प्राचार्य की गलती की जांच नहीं हुई और उन्हें निलंबित नहीं किया गया, तो आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा और इसके लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे।
