Punjab Police: पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी! पंजाब पुलिस ने 6 आरोपियों को किया अरेस्ट

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव सीमा पार हथियार तस्करी मामले पर मीडिया को संबोधित करते हुए।
दिल्ली पुलिस ने जहां अंतरराष्ट्रीय भारतीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर पांच आतंकियों को अरेस्ट किया है, वहीं दूसरी तरफ पंजाब पुलिस ने भी सीमा पार से संगठित हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से अत्याधुनिक हथियारों के साथ 5.75 लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस ने सीमा पार हथियारों की तस्करी पर नजर बना रखी थी। अमृतसर पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न चरणों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो कि सीमा पार हथियार तस्करी में शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि महकप्रीत सिंह उर्फ रोहित अपने विदेशी आकाओं के निर्देशों के अनुरूप अपना गिरोह संचालित कर रहा था। शुरुआत में परगट सिंह को सीमा पार आए दो हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में अजयबीर सिंह, करणबीर सिंह और श्रीराम का नाम सामने आया, जिन्हें अत्याधुनिक हथियारों के साथ अरेस्ट किया गया। वहीं, इस मॉड्यूल के सरगना महकप्रीत को भी गोवा में तीन हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा दिनेश कुमार को भी 5.75 लाख रुपये की हवाला राशि के साथ गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अमृतसर के गेट हकीमा पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा की मामले की जांच लगातार जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही इस हथियार तस्करी मॉड्यूल से जुड़े अन्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
दिल्ली पुलिस ने 5 आतंकियों को किया अरेस्ट
उधर, दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय भारतीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आतंकियों को अरेस्ट किया है, जबकि छह संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये आतंकी जहां एक ओर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल थे, वहीं जमीन हथियाने की भी साजिश रच रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से हथियारों के साथ आईईडी बनाने वाली सामग्री भी जब्त की गई है। यहां क्लिक कर पढ़िये विस्तृत खबर
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
