Punjab News: आरपी सिंह का भगवंत मान की सरकार पर हमला, बोले- डरा नहीं पाओगे

पंजाब सरकार पर आरपी सिंह का हमला।
भाजपा नेता आरपी सिंह ने पंजाब विधानसभा प्रधान सुनील जाखड़ को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भाजपा के कार्यों से परेशान हो चुकी है और कुछ भी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता न तो डरे हैं और न ही डरेंगे।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब में पिछले 20 मई से लगातार भाजपा गांव-गांव जाकर भारत सरकार की योजनाओं को लेकर कैंप लगा रही थी। 1400 कैंप पंजाब भाजपा ने वहां पर लगाए और लगभग 1 लाख 53 हजार लोगों ने उससे लाभ लिया। यह आंकड़ा बताता है कि लगभग 1 लाख 53 हजार लोगों तक भारत सरकार की जो योजनाएं पंजाब सरकार को पहुंचानी थी, वो नहीं पहुंची।
इसमें आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, आवास योजना, ई-श्रम कार्ड, पीएम विष्वकर्मा योजना समेत कई योजनाएं शामिल हैं। फाजिल्का के रायपुर गांव में जब हमारे कार्यकर्ताओं ने कैंप लगाया तो उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को ये लगा कि जो काम उन्हें करना चाहिए था, वो भाजपा के लोग कर रहे हैं। इसी कुंठा में कुछ भी कदम उठाए जा रहे हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव पर नजर
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में होगे। भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठन को मजबूत करने की दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में भाजपा गांव-गांव जाकर भारत सरकार की योजनाओं को लेकर कैंप लगा रही है। पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ भी शुक्रवार को फाजिल्का में कैंप लगाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में रोककर उन्हें हिरासत में ले लिया। सुनील जाखड़ ने इसे लेकर पंजाब सरकार को तानाशाह करार दिया था।
सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में
उधर, भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट लिखकर सुनील जाखड़ पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने लिखा कि सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है और कितना बाजू-ए-कातिल में है। इसके आगे लिखा कि मान साहब, जोर लगाओ, साम दाम दंड भेद जो मर्जी करो, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
