लुधियाना। पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास समेत कई ठिकानों पर शुक्रवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय Enforcement Directorate (ED) की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके घर पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में जांच एजेंसी के अधिकारी दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहे हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन सौदों की जांच
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों को लेकर की जा रही है। जांच केवल लुधियाना तक सीमित नहीं है, बल्कि मंत्री से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई है। ईडी की टीमें खासतौर पर वित्तीय लेनदेन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही हैं।
पहले भी रडार पर आ चुके हैं अरोड़ा
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2024 में भी संजीव अरोड़ा जांच एजेंसियों के निशाने पर आए थे। उस समय उन पर औद्योगिक जमीन को रिहायशी प्रोजेक्ट में बदलने के आरोप लगे थे। तब वे राज्यसभा सांसद थे, जबकि अब कैबिनेट मंत्री के तौर पर उनके खिलाफ हुई इस कार्रवाई ने सियासी हलचल बढ़ा दी है।
अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई
हाल ही में अशोक मित्तल के ठिकानों पर भी छापेमारी हुई थी। जालंधर, फगवाड़ा और गुरुग्राम समेत कई शहरों में तलाशी के दौरान जांच एजेंसियों ने डिजिटल सबूत और कंप्यूटर सिस्टम जब्त कर जांच की थी।
आधिकारिक जानकारी का इंतजार
फिलहाल दोनों ही मामलों में ईडी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने पंजाब की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।