Farmers March: किसानों का दिल्ली मार्च...आज शंभू बॉर्डर रहेगा बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Farmers Protest March
X

किसानों के मार्च को लेकर शंभू बॉर्डर बंद किया गया।

Farmers Protest March: शुक्रवार सुबह 10 बजे पंजाब-हरियाणा की सीमा पर स्थित शंभू बॉर्डर पर किसान इकट्ठा होंगे। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। ऐसे में 14 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक राजपुरा-अंबाला हाईवे बंद रहेगा।

Farmers Protest March: पंजाब हरियाणा की सीमा पर पटियाला जिले के शंभू बॉर्डर पर एक बार किसान एकजुट हो रहे हैं। कौमी इंसाफ मोर्चा और पंजाब के विभिन्न किसान यूनियन शुक्रवार को शंभू बॉर्डर से दिल्ली के लिए मार्च निकालेंगे। कौमी इंसाफ मोर्चा और किसान संगठनों के सदस्य सुबह दस बजे तक शंभू बॉर्डर पर इकट्ठे होंगे, जिसके बाद दिल्ली की ओर रवाना होंगे।

ऐसे में पंजाब और हरियाणा के अधिकारियों ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें वाहन चालकों को शंभू बॉर्डर की ओर से न जाने की सलाह दी गई है। पंजाब पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, राजपुरा-अंबाला-दिल्ली राजमार्ग पर शंभू बॉर्डर प्वाइंट 14 नवंबर यानी शुक्रवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेगा। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इन रास्तों का करें इस्तेमाल

पंजाब पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने के लिए कहा है। इसके अनुसार, लुधियाना की तरफ से अंबाला जाने वाले वाहन को राजपुरा से बनूड़, जीरकपुर (चाट लाइट्स), डेराबस्सी से होते हुए अंबाला तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब से अंबाला जाने के लिए लांडरां से एयरपोर्ट चौक मोहाली से होते हुए डेराबस्सी की ओर से जा सकते हैं।

वहीं, राजपुरा से अंबाला जाने वाले वाहन बनूर से जीरकपुर (चट्ट लाइट्स) से होते हुए डेराबस्सी की ओर से अंबाला पहुंच सकते हैं। इसी तरह सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग सुधाए गए हैं। एडवाइजरी में कहा गया कि राजपुरा शहर और राजपुरा-जीकरपुर मार्ग पर संभावित भीड़भाड़ होने की संभावना है। ऐसे में सभी मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेंगे।

वैकल्पिक रूट

  • फतेहगढ़ साहिब - लांडरां -एयरपोर्ट चौक मोहाली - डेराबस्सी अंबाला
  • राजपुरा - बनूर - जीरकपुर (चट्ट लाइट्स) - डेराबस्सी - अंबाला
  • राजपुरा-घनौर-अंबाला दिल्ली हाईवे
  • पटियाला-घनौर-अंबाला दिल्ली हाईवे
  • बनूर - मनौली सूरत - लेहली - लालरू -अंबाला (केवल छोटी कारों के लिए)

किसान क्यों निकाल रहे मार्च?

कौमी इंसाफ मोर्चा और किसान संगठनों की ओर से शुक्रवार को शंभू बैरियर तक रोष मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद किसान संगठन राजधानी दिल्ली की ओर कूच करेंगे। यह मार्च जेलों में बंद सिख बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर निकाला जाएगा। पंजाब के किसान संगठनों ने इस मार्च को समर्थन देने का फैसला किया है। इसके मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story