धान की जमाखोरी पर एक्शन: पेंड्रा में दो स्थानों से बड़े पैमाने पर धान जब्त

आकाश पवार - पेंड्रा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ-साथ जिले में अवैध रूप से धान के भंडारण और परिवहन पर प्रशासन के द्वारा कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मरवाही देवेन्द्र सिरमौर की उपस्थिति में राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित किए गए धान की खेप को पकड़ा है।
जांच के दौरान धनपुर निवासी राजकुमार गुप्ता के घर स्थित बाड़े में बिना किसी वैध दस्तावेज के भारी मात्रा में धान का भंडारण पाया गया। निरीक्षण में कुल 1906 बोरी, लगभग 864 क्विंटल धान अवैध रूप से संग्रहित मिला। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उक्त धान को जप्त कर राजकुमार गुप्ता की सुपुर्दगी में दिया गया।
अवैध धान परिवहन पर सख्त
इसी तरह सिवनी निवासी रामकुमार कुशवाहा के घर स्थित बाड़े में भी बिना वैध दस्तावेज के अन्य व्यक्ति का धान भंडारित पाया गया। मौके पर 254 बोरी, लगभग 130 क्विंटल धान का अवैध भंडारण पाया गया, जिसे जप्त कर रामकुमार कुशवाहा की सुपुर्दगी में सौंपा गया।
भंडारण और परिवहन पर कड़ी निगरानी
वहीं प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई में 2160 बोरी, लगभग 994 क्विंटल धान जप्त किया गया है। दोनों प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, दलाली एवं परिवहन जैसी गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
