कोल्हापुर में हिंसक झड़प: आक्रोशित भीड़ ने किया पथराव, गाड़ियां तोड़ी, आग लगाई; 8 घायल

कोल्हापुर में हिंसक झड़प: आक्रोशित भीड़ ने किया पथराव, गाड़ियां तोड़ी; 8 घायल
Kolhapur Violence Update : महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शुक्रवार (22 अगस्त) रात दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई। शहर के सिद्धार्थ नगर इलाके में देर रात 10 बजे हुई इस घटना के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए उन्हें आगे के हवाले कर दिया। फिलहाल, भारी पुलिस बल तैनात है। उपद्रवियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोल्हापुर के सिद्धार्थ नगर चौक में भारत तरुण मंडल प्रणीत राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की 31वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित था। इसके लिए दोपहर से ही फ्लेक्स पोस्टर, बैनर और साउंड सिस्टम लगा दिए गए, लेकिन स्थानीय लोगों को यह रास नहीं आया। शाम होते-होते उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ा कि रात 10 बजे दोनों पक्ष के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर पत्थरबाज़ी करने लगे। इस बीच आक्रोशित भीड़ ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। इस दौरान दो वाहन खाक हो गए हैं। जबकि, 6 गाड़ियां डैमेज हुई हैं। कुछ को पलट दिया गया है।
हिंसक घटना में करीब 8 लोग
पुलिस के मुताबिक, सिद्धार्थ नगर चौक में हुई इस हिंसक घटना में करीब 8 लोग घायल हुए हैं। आक्रोशित भीड़ ने न सिर्फ वहां खड़ी गाड़ियां, बल्कि डिजिटल फ्लेक्स पोस्टरों को भी निशाना बनाया है। तनाव के बीच भीड़ में शामिल लोग 'जय भीम' के नारे लगा रहे थे।
200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
हालात पर काबू पाने के लिए इलाके में 200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कोल्हापुर SP योगेश गुप्ता ने बताया कि गलतफहमी के चलते यह घटना हुई है। दोनों पक्षों को समझाइश दे दी गई है। शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। किसी तरह की अफवाह फैलाने वालों के बख्शा नहीं जाएगा।
