BMC Election 2026: मुंबई में कल मतदान, वोट डालने से पहले जान लें पूरी प्रक्रिया

BMC Election 2026 Mumbai Voting process polling station guide
X

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के लिए गुरुवार, 15 जनवरी को मुंबई में मतदान कराया जाएगा।

BMC Election 2026: मुंबई में कल, 15 जनवरी को मतदान होगा। पोलिंग बूथ पर क्या होगा, EVM-VVPAT से वोट कैसे डालें, कितना समय लगेगा और किन बातों का रखें ध्यान? यहां पढ़ें पूरी जानकारी।

BMC Election 2026: देश की सबसे बड़ी नगर निगमों में शामिल बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के लिए गुरुवार, 15 जनवरी को मुंबई में मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव के जरिए शहर के 227 वार्डों से पार्षद चुने जाएंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदाताओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है।

227 सीटों के लिए मैदान में 1700 से ज्यादा उम्मीदवार

BMC चुनाव 2026 में करीब 1,700 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। मुंबई में एक करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं, जिससे यह देश के सबसे बड़े शहरी चुनावों में से एक बन जाता है।

मुंबई में मतदान का सिस्टम

मुंबई में सिंगल मेंबर वार्ड सिस्टम लागू है। यानी हर वार्ड से केवल एक पार्षद चुना जाएगा और मतदाता सिर्फ एक वोट डाल सकता है। यह व्यवस्था महाराष्ट्र के कुछ अन्य शहरों से अलग है, जहां एक वार्ड में एक से ज्यादा सीटें होती हैं।

पोलिंग स्टेशन पर सबसे पहले मतदान कर्मी मतदाता का नाम वोटर लिस्ट में जांचते हैं। इसके बाद उंगली पर स्याही लगाई जाती है और वोट डालने की अनुमति दी जाती है।

मतदान कक्ष के अंदर EVM लगी होती है, जिसमें उम्मीदवारों के नाम और चुनाव चिह्न दिखाई देते हैं। मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवार के सामने नीला बटन दबाता है। बीप की आवाज के साथ VVPAT पर्ची निकलती है, जिससे वोट की पुष्टि हो जाती है।

दूसरे शहरों में मतदान की प्रक्रिया क्यों अलग?

मुंबई महानगर क्षेत्र के कुछ अन्य शहरों जैसे ठाणे या नवी मुंबई में मल्टी-मेंबर वार्ड सिस्टम है। वहां मतदाताओं को एक से ज्यादा वोट डालने होते हैं। सभी वोट डालने के बाद ही मतदान प्रक्रिया पूरी मानी जाती है।

वोट डालने में कितना समय लगता है?

आमतौर पर एक मतदाता को वोट डालने में 2 से 3 मिनट का समय लगता है। सुबह और शाम के समय भीड़ ज्यादा हो सकती है, जबकि दोपहर में मतदान अपेक्षाकृत आसान रहता है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

किसी तरह की परेशानी हो तो क्या करें?

अगर मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता, EVM या VVPAT में समस्या आती है या प्रक्रिया समझ में नहीं आती, तो तुरंत पोलिंग स्टेशन पर मौजूद प्रिसाइडिंग ऑफिसर से संपर्क करें। हर बूथ पर शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था होती है।

प्रशासन की अपील

चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे वैध पहचान पत्र साथ लेकर आएं और मतदान कर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story