विदिशा में दर्दनाक सड़क हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, 15 घायल; 10 की हालत गंभीर

vidisha pickup accident
X

विदिशा में सड़क हादसा: सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित पलट गई। 

विदिशा के हैदरगढ़ क्षेत्र में करीला धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी। हादसे में 1 महिला की मौत, 15 घायल और 10 गंभीर। पुलिस जांच जारी।

(एपी सिंह): विदिशा जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार, 17 नवंबर को बड़ा हादसा हो गया। करीला धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 45 वर्षीय लक्ष्मीबाई कुशवाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोगों के घायल होने की खबर हैं। घायलों में कई महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। इनमें से 10 घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसा हिम्मतपुर के पास एक पुलिया के नजदीक हुआ। शुरुआती जांच में पता चला कि पिकअप (MP 04 GB 0776) तेज रफ्तार में थी और नियंत्रण टूटने के बाद सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस व एंबुलेंस को जानकारी दी।

ग्यारसपुर और हैदरगढ़ पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों में 5 महिलाएं, तीन किशोरियां और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। इनमें एक डेढ़ वर्ष का बच्चा भी है, जिसकी हालत चिंताजनक है।

वहीं पिकअप चालक मनोहर कुशवाहा (30) व कुछ अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सभी यात्री धामनोद और आसपास के गांवों के निवासी हैं। वे रविवार देर रात करीला धाम से दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। घटना की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story