भोपाल कटर अटैक केस: युवतियों पर हमला करने वाला बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने रखा था 20 हजार का इनाम

गुरजीत कौर की रिपोर्ट:। भोपाल में युवतियों पर कटर से हमला कर दहशत फैलाने वाले बदमाश को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बीते दिनों पिपलानी और अयोध्या नगर इलाके में युवतियों पर धारदार कटर से हमला किया था, जिससे शहर में डर का माहौल बन गया था। बुधवार देर रात पुलिस ने छोला क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का नाम देवेंद्र अहिरवार है और वह सागर जिले का रहने वाला है। वह भोपाल में मजदूरी करता है और शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पत्नी से हुए विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर युवतियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया था।
20 हजार का इनाम, 5 टीमें कर रही थीं तलाश
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच के साथ अयोध्या नगर और पिपलानी थानों की कुल 5 टीमें लगाई गई थीं। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी अलग-अलग स्तर पर आरोपी से जुड़ी जानकारी जुटा रहे थे। शहर में सक्रिय बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों के डाटा को खंगालकर भी आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की गई।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। इसके अलावा पहले ब्लेड से हमला करने और छेड़छाड़ के मामलों में संदिग्ध रहे लोगों से भी पूछताछ की गई। अलग-अलग जगहों पर सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बाइक पर घूमता हुआ नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे पकड़ लिया।
तीन छात्राओं को बनाया था निशाना
जानकारी के मुताबिक 29 जनवरी की रात आरोपी का पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह बाइक लेकर घर से निकला और भानपुर ब्रिज के रास्ते अयोध्या नगर और पिपलानी इलाके में पहुंचा। यहां उसने तीन छात्राओं पर कटर से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दो छात्राओं को गंभीर चोटें आई थीं, जबकि एक को मामूली चोट लगी थी। 30 जनवरी को पीड़िताओं की शिकायत पर अयोध्या नगर और पिपलानी थानों में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं।
चेहरा रूमाल से ढक रखा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात के दौरान अपना चेहरा रूमाल से ढक रखा था। पिपलानी इलाके की 21 वर्षीय पीड़िता एक निजी कॉलेज की छात्रा है, जो घटना की रात करीब 10:14 बजे घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक से उसकी बहस हुई और आरोपी ने कटर से उसके पैर पर हमला कर दिया। वहीं, अयोध्या बाइपास इलाके की 20 वर्षीय छात्रा पर भी रात करीब 11:30 बजे हमला किया गया, जिसमें बचाव के दौरान उसकी नाक पर चोट आई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह इससे पहले भी ऐसी किसी वारदात में शामिल तो नहीं रहा है।
