आलीराजपुर: CM मोहन यादव ने बिरसा मुंडा और शहीद छीतु किराड़ की प्रतिमा का किया अनावरण, बोले- जनजातीय गौरव दिवस हमारे लिए दिवाली-होली जैसा उत्सव

आलीराजपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिरसा मुंडा और शहीद छीतु किराड़ की प्रतिमा का अनावरण किया।
Tribal Pride Day: जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिरसा मुंडा और शहीद छीतु किराड़ की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे लिए दिवाली और होली जैसा बड़ा उत्सव है। मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर को 200 करोड़ से अधिक के 156 विकास कार्यों की सौगात भी दी और आदिवासी नायकों के योगदान को याद किया।
आदिवासी नायकों को उचित सम्मान: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि आलीराजपुर की मिट्टी जनजातीय पराक्रम से भरी हुई है। यही वह भूमि है जहां शहीद छीतु किराड़ और अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद जैसे योद्धाओं का जन्म हुआ। छीतु किराड़ ने 1857 में जनजातीय शक्ति को संगठित कर अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी और अकाल के समय जरूरतमंदों को अनाज बांटा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद आदिवासी नायकों को वैसा सम्मान नहीं मिला, जैसा मिलना चाहिए था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव को फिर से प्रतिष्ठा मिल रही है।
आलीराजपुर को 200 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 156 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं—
- 11 करोड़ की लागत से पलास पानी तालाब
- मसनी बैराज
- 6 करोड़ का उच्च स्तरीय पुल
- 3 सांदीपनि विद्यालय
- 12 जनजातीय सीनियर छात्रावास
- 2 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
- 2 सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र
- 7 उप स्वास्थ्य केंद्र
- आईपीएचएल लैब
इसके साथ ही 50 करोड़ की लागत से 51 नए विकास कार्यों की नींव रखी गई।

किसानों को 45 करोड़ का मुआवजा
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पीले मोजैक रोग से फसल प्रभावित किसानों को 45 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। जिले की हर पंचायत में मनरेगा से बनाए 20-20 कुओं को परीक्षण के बाद बिजली आपूर्ति से जोड़ा जाएगा। नर्मदा नदी से सिंचाई सुविधा मिलने से 170 गांवों को लाभ होगा। हीरा तराशने के उद्योग से नए रोजगार पैदा होंगे।
लाड़ली बहना योजना और किसानों के लिए राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाड़ली बहना योजना में बहनों को अब 1500 रुपए प्रति माह दिए जा रहे हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 6 हजार रुपए अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। भावांतर योजना के तहत सोयाबीन किसानों को भुगतान 15 दिन के भीतर दिया गया है। राज्य सरकार गेहूं 2600 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदेगी।
हितग्राहियों को हितलाभ वितरण
कार्यक्रम में कई हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए—
- बीसी सखी सुप्रिया (नरगांव सोंडवा) को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया।
- 179 स्व-सहायता समूहों को 3 करोड़ 80 लाख रुपए का ऋण वितरण।
- प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सुनयना डावर को 3 करोड़ 15 लाख रुपए का हितलाभ दिया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया, जिनमें शामिल थीं—
- जनजातीय नायकों की गैलरी
- पोषण आहार और मोटे अनाज को बढ़ावा देने की प्रदर्शनी
- जनजातीय संस्कृति आधारित स्थानीय उत्पाद
- आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियाँ
- कृषि व फूड प्रोसेसिंग उत्पाद
