Satna Road Accident: मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, चार गंभीर घायल

मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत, चार गंभीर घायल
X
सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सतना रोड पर गुरुकुल स्कूल के पास मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सतना रोड पर गुरुकुल स्कूल के पास मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली अमरपाटन के एलएनटी प्लांट पड़क्का से रवाना हुई थी। ट्रॉली में भारी मात्रा में लोहे की छड़ें लदी हुई थीं और उसी पर मजदूर भी सवार थे। सभी मजदूर काम के सिलसिले में उचेहरा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में क्षमता से अधिक लोहे की छड़ें भरी गई थीं, जिससे वाहन पहले से ही असंतुलित था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुकुल स्कूल के पास अचानक सामने से एक बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली पर बैठे एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चार मजदूर ट्रॉली के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर अमरपाटन पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।

डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से दो मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज अमरपाटन सिविल अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story