RISE MP 2025 कॉन्क्लेव: रतलाम में मिले 30,402 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 35 हजार रोजगार की उम्मीद

Ratlam Investment Conference
RISE MP 2025 कॉन्क्लेव: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार (27 जून 2025) को आयोजित RISE MP 2025 से निवेश और रोजगार की उम्मीदें बढ़ गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में इस दौरान 30,402 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे 35,000 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने रतलाम को स्किल, स्केल और स्टार्टअप का नया केंद्र बताते हुए कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में अब औद्योगिक विकास तेजी से होगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से रतलाम की कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। अब 6 घंटे में दिल्ली और मुंबई पहुंचना संभव है। रतलाम अब सिर्फ सेव, नमकीन और साड़ियों का नहीं बल्कि स्टार्टअप और स्किल हब बनने जा रहा है।
RISE MP 2025: रतलाम के लिए बड़ी घोषणाएं
- रतलाम में नई हवाई पट्टी, जहां जेट विमान लैंड कर सकेंगे।
- 5 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी एस्ट्रोटर्फ।
- नवकरणीय ऊर्जा में निवेश पर 20% अनुदान।
- 6 ग्राम पंचायतों को विकास के लिए 50-50 लाख की सहायता।
- स्मार्ट नेशनल पार्क और 220 केवी औद्योगिक विद्युत लाइन की व्यवस्था।
निवेश और अनुदान की प्रमुख बातें
रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्पलॉयमेंट कॉन्क्लेव (RISE MP 2025) में 140 औद्योगिक इकाइयों को 425 करोड़ और 880 इकाइयों को 269 करोड़ की सहायता का ऐलान किया गया। इस प्रकार कुल 1020 इकाइयों को 694 करोड़ की आर्थिक मदद मिलेगी।
कंपनियों से मिले निवेश प्रस्ताव और संभावित रोजगार

47 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन-लोकार्पण
RISE MP 2025 के दौरान 47 औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया गया। नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की जानकारी दी गई। एमएसएमई और निवेश विभाग ने बताया कि 242 करोड़ से 16 औद्योगिक क्षेत्र, 104 करोड़ की लागत से 10 औद्योगिक क्लस्टर के अलावा मंदसौर के सेमरी कांकड़ औद्योगिक क्षेत्र को 61.26 करोड़ से डेवलप किया जाएगा।
RISE MP 2025: रोजगार और सब्सिडी
- 4 लाख से अधिक हितग्राहियों को 3861 करोड़ का ऋण।
- 263 युवाओं को रोजगार ऑफर लेटर।
- 538 इकाइयों को 54 हेक्टेयर भूमि, 10,000 नौकरियों की उम्मीद।
- 35 इकाइयों को 186 हेक्टेयर भूमि, संभावित निवेश 6,000 करोड़ और 17,600 नौकरियां।
मुख्यमंत्री ने इन निवेशकों से की चर्चा
- शक्ति पंप्स: दिनेश पाटीदार
- जैक्सन ग्रुप (सोलर): संदीप गुप्ता
- ओरियाना पावर: ओमकार पांडे
- बीबा फैशन: सिद्धार्थ बिंद्रा
- SRF, इप्का लैब्स, न्यू जील फैशन वियर जैसे ब्रांड्स ने किया निवेश का वादा।
828 उद्यमियों को 400 करोड़ की सब्सिडी
उद्योग मंत्री चैतन्य कश्यप ने कहा, रतलाम के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। 828 उद्यमियों को 400 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। अब तक 2100 करोड़ की सब्सिडी वितरित हो चुकी है।
इप्का और SRF जैसी कंपनियों का विस्तार होगा। इप्का लैब्स ने 1000 करोड़ के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है। जबकि, SRF ने 9500 करोड़ के निवेश का ऐलान किया है। इससे 4000 रोजगार मिलेंगे।
RISE MP 2025 रतलाम कॉन्क्लेव ने मध्यप्रदेश के औद्योगिक भविष्य को नई दिशा दी है। निवेश, रोजगार, तकनीकी शिक्षा और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में राज्य अग्रणी बनने की ओर अग्रसर है।
