पन्ना में भीषण सड़क हादसा: पंचर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार वैन, युवक की दर्दनाक मौत, ड्राइवर फरार

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में बुधवार देर रात सड़क हादसा सामने आया। जिले के पहाड़ीखेरा मार्ग पर बृजपुर थाना क्षेत्र के सारंगपुर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सहम गए और काफी देर तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG-31 C-1793 पहाड़ीखेरा से बांस लोड कर पन्ना की ओर जा रहा था। सारंगपुर के पास अचानक ट्रक का टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि अंधेरा होने के कारण सड़क पर कोई स्पष्ट चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी।
इसी दौरान पहाड़ीखेरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मारुति ओमनी वैन क्रमांक MP-04 CA-8208 अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक के नीचे फंस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वैन में ड्राइवर के पास बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका सिर वैन और ट्रक के बीच फंसने से गर्दन कट गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक चालक ने वाहन खड़ा करते समय इंडिकेटर, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं। फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है और मामले की जांच बृजपुर थाना पुलिस कर रही है।
