विदिशा में बारातियों से भरी तेज रफ्तार कार 30 फीट गहरे तालाब में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 7 घायल हैं। ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मध्यप्रदेश। विदिशा में गुरुवार देर रात बड़ी दुर्घटना हो गई। बारातियों से भरी एक तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में गिर गई। ग्रामीणों को जैसे ही हादसे के बारे में पता चला वे मौके पर पहुंचे। बिना देर के उन्होंने रेस्क्यू शुरू किया लेकिन हादसा इतना भीषण था कि, तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के चलते सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामला विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

कार की रफ्तार थी तेज
बताया जा रहा है कि, गैरतगंज से जफरखेड़ी में दशरथ सिंह के यहां बारात जा रही थी। टवेरा में कुल 10 लोग बैठे थे। कार की रफ्तार बहुत अधिक थी। रास्ते में अंधेरा था इसलिए ड्राइवर को तालाब नहीं दिखा। ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण छूट गया और बेकाबू कार 30 फीट गहरे तालाब में जा गिरी। 

ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
जानकारी के अनुसार यह हादसा शादी वाले घर से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ है। ग्रामीणों को अचानक तेज आवाज आई तो सभी तालाब की ओर भागे। यहां उन्हें टवेरा तालाब के अंदर गिरी दिखी। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया।

इन लोगों की गई जान
सोनू लोधी (30 वर्षीय) - ड़्राइवर
राजेश लोधी (35 वर्ष)
चंद्रशेखर (35 वर्षीय)

ये लोग हुए घायल
भावसिंह लोधी (45 वर्ष)
ऋतुराज लोधी (10 वर्ष)
अशोक लोधी (25 वर्ष)
राज लोधी (14 वर्ष)
ब्रजेश लोधी (27 वर्ष)
सुदीप लोधी (20 वर्ष)