गोंडवाना एक्सप्रेस: चलती ट्रेन से केंद्रीय मंत्री गायब; दिल्ली से जबलपुर तक हड़कंप, 3 घंटे बाद दूसरी रेलगाड़ी में चोटिल मिले

Union Minister Jual Oraon
X
Union Minister Jual Oraon
गोंडवाना एक्सप्रेस में हैरान करने वाली घटना हो गई। केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव चलती ट्रेन से रहस्यमय ढंग से गायब हो गए। दिल्ली से जबलपुर तक हड़कंप मच गया।

Union Minister Jual Oraon: गोंडवाना एक्सप्रेस में हैरान करने वाली घटना हो गई। केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव चलती ट्रेन से रहस्यमय ढंग से गायब हो गए। मंत्री जी सीट पर नहीं दिखे तो सनसनी फैल गई। दिल्ली से जबलपुर तक हड़कंप मच गया। 3 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंत्री जुएल उरांव 162 किमी दूर सिहोरा स्टेशन पर दूसरी ट्रेन में मिले। सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम।

जानिए पूरा घटनाक्रम
ओडिशा के सुंदरगढ़ सांसद और केंद्रीय मंत्री उरांव दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से ट्रेन नंबर 22182 से गोंडवाना एक्सप्रेस में शनिवार (3 मई) को शाम 5 बजे सवार हुए। मंत्री उरांव को जबलपुर स्टेशन पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से मंडला जाना था। मंत्री के साथ उनके साथ पीए और सुरक्षा कर्मी भी थे।

तीन घंटे चला सर्च ऑपरेशन
रविवार (4 मई) सुबह 3.45 बजे ट्रेन दमोह पहुंची। मंत्री उरांव अपनी बर्थ में नजर नहीं आए। मंत्री उरांव के सीट पर नहीं मिलने से हड़कंप मच गया। मंत्री जी की खोजबीन शुरू हुई। 3 घंटे तक ट्रेन-ट्रैक पर सर्च ऑपरेशन चला। काफी तलाश के बाद 162 किमी दूर सिहोरा स्टेशन पर (जबलपुर) संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के कोच बी3 की बर्थ 57 पर मंत्री उरांव मिले। केंद्रीय मंत्री के मिलने के बाद रेलवे के अफसरों ने राहत की सांस ली।

जानिए कैसे दूसरी ट्रेन में पहुंचे मंत्री उरांव
सूत्रों के मुताबिक, मंत्री उरांव तड़के करीब 3:45 बजे दमोह स्टेशन पर उतरे। इसी दौरान उनका ब्लड शुगर लेवल अचानक कम हो गया और उनकी ट्रेन चलने लगी। ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया, जिससे उन्हें हल्की चोट भी आई। इसी वजह से मंत्री गोंडवाना एक्सप्रेस पकड़ नहीं पाए। उसी समय दूसरे प्लेटफॉर्म पर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस आ गई। मंत्री उसी में बैठ गए।

मंत्री जी अब पूरी तरह सुरक्षित
पूरे घटनाक्रम पर मंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। रेलवे अफसरों का कहना है कि मंत्री जी सुरक्षित हैं। उनके गायब होने की सूचना मिलते ही स्टाफ को अलर्ट किया गया। जबलपुर पहुंचते ही मंत्री को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई गई।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story