सतना। पड़ोसी ने बदला लेने के लिए एक 11 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने एक नीले ट्रम में शव को छिपा दिया। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी की इस घटना में सोमवार दोपहर जब बच्चा अचानक लापता हो गया तो परिजनों को पड़ोसी पर शक हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो पड़ोसी का घर बंद मिला। पुलिस ने बंद घर का ताला तोड़ा तो अंदर भयावह दृश्य देखने को मिला।
मासूम की बेरहमी से हत्या
पुलिस जब भीतर घुसी तो कमरे में खून के निशान हर तरफ फैले हुए थे। बिस्तर पर रखा तकिया खून से पूरी तरह सना हुआ मिला। दीवारों पर भी खून के छींटे साफ नजर आ रहे थे। पुलिस को तलाशी के दौरान एक नीले ड्रम में बच्चे का शव मिला। मृतक की पहचान शिवराज रजक (11) के रूप में हुई है। वह कक्षा 5वीं का छात्र था और परिवार के साथ यहीं रहता था। आरोप है कि मथुरा रजक नामक व्यक्ति ने हंसिया से गला रेतकर हत्या की।
घटना के समय अकेला था बच्चा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चा घर में अकेला था। उसकी मां काम पर गई हुई थीं, जबकि बहन कॉलेज और भाई बाहर गया था। जब मां दोपहर में घर लौटीं तो बच्चा नहीं मिला। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने घर की तलाशी ली और ड्रम से शव बरामद कर लिया। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
बच्चे के पिता व आरोपी में विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और बच्चे के पिता के बीच पहले विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। बच्चे के पिता फिलहाल महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करते हैं। परिवार के अनुसार, कुछ दिन पहले घर में भी विवाद हुआ था। संभावना है कि इसी माहौल का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्चे को निशाना बनाया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
आरोपी फरार, तलाश शुरू
घटना के बाद आरोपी मथुरा रजक फरार हो गया है। वह कॉलोनी में कपड़े प्रेस करने का काम करता था। घटना के बाद उसकी दुकान बंद पाई गई और मोबाइल भी बंद है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।









