रतलाम के नामली थाने में रेप केस में गिरफ्तार पिता ने हवालात में सुसाइड किया। गिरफ्तारी से पहले साजिश की आशंका जताई थी, TI लाइन अटैच।

रतलाम के नामली थाने में पुलिस हिरासत में एक आरोपी ने आत्महत्या कर ली थी। अब जानकारी सामने आई है कि, आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से पहले ही थाने में एक आवेदन देकर खुद के खिलाफ साजिश रचे जाने की आशंका जताई थी। आरोपी पर उसी की नाबालिग बेटी ने रेप का आरोप लगाया था। रात में गिरफ्तारी के बाद उसने हवालात में जान दे दी।

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली, जांच प्रक्रिया और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि, TI गायत्री सोनी को लाइन अटैच और नाइट ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल नारायण जादौन को सस्पेंड कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिता ने थाने में एक आवेदन दिया था। इसमें लिखा था कि, मैंने अपनी बेटी को किसी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए देखा। इसके बाद मैंने उसे समझाया लेकिन इसके चलते मेरी पत्नी, साली और सास मिलकर मेरे खिलाफ साजिश रच रहे हैं। मुझे झूठे केस में फंसाया जा सकता है।

15 अप्रैल को लगाई थी फांसी
गौरतलब है कि, पिता ने सुबह आवेदन दिया था। दोपहर को नाबालिग बेटी ने थाने में शिकायत की और पुलिस ने रात को आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। बेटी की उम्र 16 साल है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने 15 अप्रैल की देर रात बंदी गृह में फांसी लगा ली।

नाड़े से लगाई फांसी
ड्यूटी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल को सीसीटीवी में आरोपी नहीं दिखा। उसने बंदीगृह में जाकर देखा तो आरोपी टॉयलेट के कोने में पड़ा था। उसने फांसी लगाने के लिए उसी के पजामे के नाड़े का उपयोग किया था। तुरंत थाना प्रभारी को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस और एफएसएल टीम समेत डॉक्टर्स भी पहुंचे। आरोपी को मृत घोषित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

गुरुवार दोपहर मृतक का अंतिम संस्कार हुआ। उनके परिजनों ने परेशान करने और झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाने का आरोप लगाया। जांच के बिना गिरफ्तारी को लेकर भी सवाल किए गए। लोगों ने मांग की कि, मृतक की पत्नी और बेटी को गिरफ्तार किया जाए। TI गायत्री सोनी द्वारा आगे कार्रवाई करते हुए दोनों मां-बेटी को हिरासत में लिया गया था।