रतलाम पुलिस ने 50 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पिकअप वाहन से 500 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। यह एमडी ड्रग्स आरोपी मंदसौर से ला रहे थे।

रतलाम। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 50 लाख रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स जब्त की है। यह कार्रवाई रिंगनोद थाना और माननखेड़ा पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने की है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करीब 500 ग्राम एमडी (मेथामफेटामाइन) बरामद की और उसमें सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एमडी ड्रग्स मंदसौर से ला रहे थे। 

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी 
पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इसी आधार पर शनिवार-रविवार की रात माननखेड़ा चौकी के पास फोरलेन सड़क पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन (MP 46 ZC 7839) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में सवार तीनों आरोपियों के पास से प्रतिबंधित ड्रग्स मिली, जिसके बाद उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

मंदसौर से लाया गया एमडी ड्रग्स
पकड़े गए आरोपी से शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मंदसौर जिले से एमडी ड्रग्स लेकर आ रहे थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवकों की पहचान सुमित बैरागी (20), प्रकाश गुर्जर (19) और रिहान खान (19) के रूप में की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

नेटवर्क पता लगाने में जुटी पुलिस 
पुलिस ने ड्रग्स के साथ पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है, जिसका रजिस्ट्रेशन बड़वानी जिले का बताया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अब यह पता लगाया जा रहा है कि यह नशा कहां से लाया गया और किसे सप्लाई किया जाना था। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है।

नशे के खिलाफ सख्ती जारी 
जिले के पुलिस कप्तान अमित कुमार नै जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। उनके निर्देशों के बाद से ही जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस गिरप्तारी के बाद पुलिस को ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में मदद मिलेगी और ड्रग्स तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।