नर्मदापुरम के सोहागपुर में छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण, कार बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश, 5 आरोपी गिरफ्तार।

Narmadapuram News: मध्यप्रदेश। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर छात्रा को बीच बाजार से अगवा किया। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार भी बदली। करीब चार से पांच घंटे तक आरोपी पुलिस को चकमा देते रहे।

इलाके में की घेराबंदी
अपहरण की यह घटना सोमवार की है। लाल रंग की स्विफ्ट कार से आरोपियों ने छात्रा को किडनैप किया था। डायल 112 को सूचना मिली तो इलाके में घेराबंदी कर दी गई। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। स्विफ्ट से ले जाने के बाद आरोपियों ने क्रेटा में लड़की को बैठा लिया था। हालांकि लड़की को ढूंढकर पुलिस ने परिजनों के हवाले कर दिया। दोनों कार भी जब्त कर ली गई।

भाई ने किया स्विफ्ट का पीछा
पुलिस ने बताया है कि, सोहागपुर में मार्केट से हमजा खान, रिजवान खान और जाहिद खान ने लड़की को अगवा किया था। ये लोग लड़की को बाबई की ओर लेकर जा रहे थे। हालांकि लड़की के भाई ने यह देख लिया और कार का नंबर नोट करके उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

लड़की के भाई ने पिता को सारी बात बताई तो उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पूरी जानकारी दी। एसडीओपी संजू चौहान के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए मुख्य आरोपी हमजा और लड़की को दूसरी कार में बैठा दिया और फारेस्ट कॉलोनी के लिए निकल गए।  

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस ने स्विफ्ट कार को पकड़ लिया था लेकिन उसमें लड़की नहीं थी। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी के साथियों ने बताया कि, लड़की को दूसरी कार से सोहागपुर भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने क्रेटा कर बरामद दी। मुख्य आरोपी हमजा खान, रिजवान खान, सलमान खान, जाहिद खान समेत संजीव मीणा पुलिस की गिरफ्त में हैं।

बताया जा रहा है कि, हमजा और छात्रा की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी। दोनों की बातचीत शुरू हुई और आरोपी छात्रा को बलहा - फुसलाकर अपने साथ ले जाने लगा। गनीमत रही कि, छात्रा के भाई ने यह सब देख लिया और समय रहते छात्रा को बचा लिया गया।