मौसम विभाग भोपाल के अनुसार 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका प्रभाव कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।

भोपाल। मध्यप्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमते ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन के तापमान में 1 से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में पारा चढ़ा, वहीं भोपाल और रतलाम में भी तापमान बढ़ा। सबसे अधिक बढ़ोतरी रतलाम में 5.4 डिग्री दर्ज की गई। शनिवार को तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है।

नर्मदापुरम सबसे गर्म
शुक्रवार को नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 डिग्री, खरगोन में 38 डिग्री रहा। इसके अलावा धार, खंडवा, नरसिंहपुर और खजुराहो में तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया।

बड़े शहरों का हाल
प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन में 35.5 डिग्री, भोपाल में 34.6 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री, ग्वालियर में 33.4 डिग्री और जबलपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

15 अप्रैल से नया सिस्टम, असर कमजोर
मौसम विभाग भोपाल के अनुसार 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन इसका प्रभाव कमजोर रहेगा। ऐसे में प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।

लोगों ने शुरू किए बचाव के उपाय
गर्मी बढ़ने के साथ लोग बचाव के उपाय अपनाने लगे हैं। कोई मुंह पर कपड़ा बांधकर बाहर निकल रहा है, तो कोई गन्ने का जूस, कोल्ड ड्रिंक्स और आइसक्रीम का सहारा ले रहा है।

मौसम विभाग की एडवायजरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे पर्याप्त पानी पिएं, शरीर को हाइड्रेट रखें, दोपहर में धूप से बचें और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।

अप्रैल की शुरुआत रही बदली हुई
गौरतलब है कि इस बार अप्रैल की शुरुआत आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के साथ हुई। 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदला रहा। ग्वालियर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि 45 जिलों में वर्षा और 15 से अधिक जिलों में ओले गिरे।