Bhopal Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम अब तेजी से करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 अप्रैल से प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। राजधानी भोपाल स्थित मौसम केंद्र का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। यानी अब लोगों को गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।
हालांकि, इससे पहले गुरुवार को मौसम थोड़ा बदला-बदला नजर आएगा। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों के लिए अगले 24 घंटे का अलर्ट जारी किया है।
बीते दिन यानी बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। भोपाल, जबलपुर, रायसेन, शिवपुरी, रतलाम, छतरपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर और धार समेत 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। बारिश की वजह से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को थोड़ी राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में इस बदलाव की वजह तीन सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय सिस्टम) रहे, जो उत्तर, पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में सक्रिय थे। इनके कारण ही बारिश और आंधी का दौर बना रहा। भोपाल में भी हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं।
आने वाले दिनों की बात करें तो 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जा रहा है। हालांकि, इसका असर मध्य प्रदेश में ज्यादा नहीं पड़ेगा, लेकिन मौसम में हल्की हलचल जरूर बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी चल सकती है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दोपहर के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।