भोपाल। आंधी-बारिश का दौर थमने के बाद मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर शुरू हो गया है। रविवार को प्रदेश के पांच शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। रतलाम सबसे गर्म रहा, जहां 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग भोपाल के अनुसार, प्रदेश में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। 16 अप्रैल से लू (हीट वेव) का असर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र के जिलों में अधिक गर्मी की चेतावनी दी है।
अन्य शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ा है। खजुराहो में 40.4 डिग्री, धार, मंडला और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह, रीवा और टीकमगढ़ में 39.5 डिग्री, जबकि खरगोन में 39.2 डिग्री तापमान रहा। रायसेन, छिंदवाड़ा, उमरिया और सतना सहित कई शहरों में पारा 39 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में इंदौर में 39.2 डिग्री, भोपाल में 38.6 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल को एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होगा, लेकिन इसका प्रभाव कमजोर रहेगा। इसके बाद प्रदेश में गर्मी का असर और बढ़ेगा। 16 अप्रैल से धार, खरगोन, खंडवा, सीधी और सिंगरौली जिलों में लू चलने की संभावना है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिन में अधिक समय तक धूप में रहने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू हो जाता है, जो मई तक जारी रह सकता है।