मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। 42 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों तक तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रह सकता है। जबकि 7 अप्रैल से नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहा है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय हो गई है, जिससे कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह भोपाल सहित कई इलाकों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक चक्रवाती परिसंचरण और दो ट्रफ सिस्टम सक्रिय हैं। इन्हीं के कारण बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो रही है। अगले चार दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 7 अप्रैल से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।  

अप्रैल के अंत तक बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। ग्वालियर, धार, खरगोन और बड़वानी जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले 10 वर्षों के आंकड़े भी इसी तरह का ट्रेंड दिखाते हैं। भोपाल और इंदौर में अप्रैल के दौरान तापमान 43 डिग्री तक दर्ज किया जा चुका है। वहीं जबलपुर में 44 और ग्वालियर में 45 डिग्री से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

42 जिलों के लिए अलर्ट जारी
भोपाल स्थित मौसम केंद्र ने शुक्रवार के लिए 42 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में विशेष चेतावनी दी गई है। इसके अलावा नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं और ओलों के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

गुरुवार को भी दिखा मौसम का असर 
गुरुवार को भी प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलीं। सीहोर में तेज आंधी के कारण वेब सीरीज पंचायत का सेट उड़ गया। मऊगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। भोपाल, रायसेन और नर्मदापुरम के कई स्थानों पर गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात में तेज हवा के साथ बरसात हुई। मौसम के पलटी लेने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।  

तेज हवाओं का खतरा और बिजली गुल
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन और जबलपुर सहित कई शहरों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों में हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अन्य क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार शाम भोपाल में तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। कोलार, रायसेन रोड और होशंगाबाद रोड जैसे क्षेत्रों में इसका असर देखा गया।